मुख पृष्ठ > खबर-संसार > व्यापार > समाचार > बैंक की तरह काम करें बैंक-चिदंबरम
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
बैंक की तरह काम करें बैंक-चिदंबरम
वैश्विक स्तर पर जारी वित्तीय संकट के मद्देनजर वित्तमंत्री पी. चिदंबरम ने कहा है कि अमेरिका और यूरोप के ऋणदाताओं को पेश आ रही दिक्कतों से बचने के लिए बैंकों को बैंक की तरह काम करना चाहिए।

पूर्वोत्तर राज्यों से संबंधित विशेष बैंकिंग सम्मेलन में शनिवार को उन्होंने कहा कि बैंकर सिर्फ बैंकर हो सकता है। यदि वह कुछ और होने की कोशिश करता है तो हमें वैसे ही संकट का सामना करना पड़ेगा, जैसा अमेरिका और यूरोप को करना पड़ रहा है।

चिदंबरम ने कहा बैंकिंग प्रणाली सरकार, सामाजिक संगठन या गैरसरकारी संगठनों का विकल्प नहीं हो सकती। बैंक ऋण प्रदान कर विकास के लिए सुविधा प्रदान करने में अपनी भूमिका निभा सकते हैं।

पूर्वोत्तर क्षेत्रों में भी कृषि ऋण माफी योजना के दायरे के विस्तार की माँग का जवाब देते हुए उन्होंने कहा बैंक को सिर्फ बैंक ही होना चाहिए और यदि ऋण के तौर पर दिया गया पैसा बैंक के पास वापस आ जाता है तो बैंक सिर्फ बैंक ही हो सकता है।

लेनदारों द्वारा पैसे वापस न किए जाने को अमेरिकी सब-प्राइम मार्गेज संकट की वजह बताते हुए चिदंबरम ने कहा परिणाम देखिए...पश्चिमी दुनिया की पूरी बैंकिंग प्रणाली आज थम-सी गई है।

वित्तमंत्री ने कहा केंद्रीय बैंक द्वारा अरबों डॉलर डाले जाने के बावजूद इस वित्तीय संकट के बाद अमेरिका में कोई भी किसी को ऋण नहीं दे रहा। कोई किसी को कुछ भी नहीं दे रहा है। विश्व के सबसे बड़े बैंकों में से एक के अध्यक्ष ने मुझे बताया कि उनके बैंक ने जनवरी 2008 से ऋण देना बंद कर दिया है।

उन्होंने कहा दुर्भाग्य से समझदार लोग गरीबी हटाओ और क्षेत्रीय विषमता दूर करने की बात करते हुए बैंकिंग के बुनियादी तत्व छोड़ देते हैं।

पूर्वोत्तर राज्यों के प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए कई मुद्दों का जवाब देते हुए चिदंबरम ने कहा कि इस क्षेत्र में बैंकों की शाखाओं की तादाद बढ़ रही है। उन्होंने कहा अचानक न शाखा नेटवर्क बढ़ सकता है न ही ऋण जमा अनुपात, क्योंकि वृद्धि की सीमा होती है।
संबंधित जानकारी खोजें
और भी
रिलायंस नई रिफाइनरी जल्द शुरू करेगा
नैनो चली पर कहाँ, किसी को पता नहीं
वेल्स फार्गो वाकोविया का खरीदार
क्या है बेल आउट पैकेज
बेल आउट पैकेज को प्रतिनिधि सभा की मंजूरी
अभिनव बिंद्रा सैमसंग के ब्रांड एम्बेसेडर