मैक्सिको की खाड़ी में तूफान आने से आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बादल छँटने और तूफान से बड़ा नुकसान नहीं होने की खबरों के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल मंगलवार को चार माह के न्यूनतम स्तर पर पहुँच गया।
अमेरिका में तेल के दाम 97 सेंट गिरकर 111.90 डॉलर प्रति बैरल पर आ गए, जबकि लंदन ब्रेंट क्रूड में तेल के दाम 111.05 डॉलर प्रति बैरल रह गया। कामकाज के दौरान यू एस क्रूड नीचे में 111.64 डॉलर तक बोला गया।
कच्चे तेल के दाम 11 जुलाई को 147 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँचने के बाद धीरे-धीरे गिरने लगे और फिलहाल अप्रैल के बाद सबसे निचले स्तर पर बोले जा रहे हैं। विश्लेषकों का कहना है कि तेल के दाम यदि 100 डॉलर रिपीट 100 डॉलर के स्तर पर पहुँचते हैं तो इस स्तर पर अच्छा समर्थन मिलने की उम्मीद है।
तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुँचने से मात्र दस डॉलर दूर है और यदि यह अगले माह में 105 डॉलर तक आ जाता है तो कोई बड़ा आश्चर्य नहीं होगा।
उन्होंने बताया कि खाड़ी में तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका दूर होने की खबरों के बाद तेल के दाम में गिरावट आई है। सोमवार को फ्लोरिडा में भारी बारिश के साथ ही 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान आया था, जिसके कारण कैरीबियाई क्षेत्र में 50 से अधिक लोग मारे गए। यह तूफान भयानक स्थिति में नहीं पहुँचा और इससे सिर्फ फ्लोरिडा में ही बाढ़ की स्थिति बनी।
|