इंजीनियरिंग क्षेत्र की अग्रणी कंपनी भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) को सीरिया में 400 मेगावॉट का ताप विद्युत संयंत्र स्थापित करने के ऑर्डर के रूप में अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय में अभी तक की सबसे बड़ी सफलता मिली है। यह ऑर्डर करीब 2100 करोड़ रुपए का है।
भेल की जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक सीरिया सरकार के तशरीन ताप विद्युत संयंत्र विस्तार के इस ऑर्डर से कंपनी ने सीरिया के विद्युत क्षेत्र में अपनी पहली उपस्थिति दर्ज की है। इसके तहत भेल वहाँ 200-200 मेगावॉट की दो इकाइयाँ टर्न की आधार पर लगाएगी।
2080 करोड़ रुपए का यह ऑर्डर विदेशी बाजार में कंपनी द्वारा प्राप्त किया गया अधिकतम मूल्य का एकल ऑर्डर है। यह बडे़ आकार के स्टीम टरबाइन विद्युत संयंत्र के लिए अभी तक का प्रथम विदेशी ऑर्डर भी है।
इस आर्डर में भेल के कार्य क्षेत्र में नवीनतम कंट्रोल्स एण्ड इनस्ट्रूमेंटेशन (सीएंडआई) और सिविल कार्यों के अतिरिक्त सहायक उपकरणों, संयंत्र एवं इलेक्ट्रिकल्स सहित मुख्य संयंत्र उपस्करों का डिजाइन, इंजीनियरिंग, विनिर्माण, आपूर्ति, इरेक्शन तथा कमीशनिंग शामिल हैं। कंपनी द्वारा इस परियोजना का निष्पादन 33 महीने की अल्पावधि में किया जाएगा।
|