महँगाई के दौर में आम ने उपभोक्ताओं को रसीली राहत दी है। दिल्ली के बाजारों में इसकी कीमतों में करीब 50 फीसदी गिरावट चल रही है। राष्ट्रीय राजधानी के खुदरा बाजार में सफेदा और तोतापुरी आम जो एक पखवाड़े पहले 30 से 35 रुपए किलो बिक रहा था। अब 17 से 20 रुपए किलो उपलब्ध है।
लक्ष्मीनगर में आम विक्रेता मुहम्मद फैसल ने बताया 'सफेदा' और 'तोतापुरी' 20 रुपए किलो से नीचे आ गए हैं। पर्याप्त आपूर्ति हो रही है।
रिलायंस फ्रेश और मोर जैसे रिटेल चेन में सफेदा की कीमत 16 रुपए 90 पैसे से 18 रुपए किलो के बीच है। आमों का राजा माना जाने वाला दशहरी आम मोर के आउटलेट पर इस समय 37 रुपए किलो चल रहा है। सिंदूरी आम भी 25 रुपए किलो बिक रहा है।
भारतीय आम उत्पादक एसोसिएशन के अध्यक्ष एस. इंसराम अली ने बताया कि दक्षिणी राज्य विशेषकर आंध्रप्रदेश सफेदा और तोतापुरी किस्म के आम देशभर में भेजते हैं।
यह सिलसिला जून के पहले सप्ताह तक बना रहता है। इसके बाद 'दशहरी' 'माल्दा' और 'लंगड़ा' आम बाजार में आता है, जो मुख्य रूप से उत्तरप्रदेश, बिहार और गुजरात से यहाँ पहुँचता है।
|