जर्मनी की विमानन कम्पनी लुफ्तांजा भारत में अपना कारोबार बढ़ाने के लिए एक जुलाई से पुणे और फ्रैंकफर्ट के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू करेगी। इसके साथ ही कंपनी ने मौजूदा अन्य भारतीय केन्द्रों के लिए भी सेवाएँ शीघ्र बढ़ाने का निर्णय लिया है।
लुफ्तांजा के दक्षिण एशिया निदेशक वर्नर हेजेन और अन्य अधिकारियों ने आज यहाँ प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि कोलकाता, मुम्बई, दिल्ली, बंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई के बाद पुणे सातवाँ भारतीय केन्द्र है, जहाँ उसकी अंतराष्ट्रीय उड़ान सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। पुणे और फ्रैंकफर्ट के बीच की यह उड़ान प्रारम्भ में साप्ताहिक होगी।
हेजेन ने बताया कि भारत और जर्मनी के बीच हवाई यातायात के बारे में इसी वर्ष हुए नए समझौते के तहत दोनों देशों के बीच उड़ानों की संख्या मौजूदा 50 से बढ़ाकर 69 करने का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि भारत में 1959 से कारोबार कर रही उनकी कम्पनी ने कल से मुम्बई और म्यूनिख के बीच नॉनस्टाप उड़ान शुरू की है जो सप्ताह में तीन दिन उपलब्ध होगी। यह सेवा मुम्बई और फ्रैंकफर्ट के बीच सप्ताह में तीन दिन उपलब्ध नॉनस्टाप उड़ान के अतिरिक्त है।
उनका कहना था कि लुफ्तांजा ने आगामी तीन जून से कोलकाता और फ्रैंकफर्ट के बीच उड़ान सेवा सप्ताह में तीन दिन से बढ़ाकर पाँच दिन करने का निर्णय भी किया है।
|