अमेरिका में नौकरियों में पिछले तीन माह की गिरावट के बाद अप्रैल में केवल 20 हजार नौकरियाँ ही खत्म हुई और अर्थ व्यवस्था सुधार की ओर अग्रसर होने के आसार बन रहे हैं।
अमेरिका के श्रम विभाग के जारी आँकड़ों में कहा गया है कि बीते माह में 20 हजार नौकरियाँ समाप्त हो गईं, जबकि आर्थिक विश्लेषकों का आकलन 80 हजार नौकरियाँ खत्म होने का था। ये आँकड़े जारी होने के बाद डॉलर मजबूत हो गया और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के दाम गिर गए। आँकड़े जारी होने से येन और यूरो के मुकाबले डॉलर दो महीने की मजबूती पर पहुँच गया।
श्रम विभाग की रिपोर्ट से उत्साहित फेड रिजर्व ने कहा कि पूँजी बाजार के संकट को समाप्त करने के लिए कुछ और कदम उठाए जाएँगे। फेड ने कहा कि पूँजी बाजार के संकट से उबरने के लिए यूरोपीय केंद्रीय बैंक, स्विस नेशनल बैंक और फेडरल रिजर्व बैंक विस्तार कार्यक्रम पर काम कर रहे हैं।
अप्रैल से पहले के महीनों में अमेरिका में मार्च में 81 हजार, फरवरी में 83 हजार और जनवरी में 76 हजार नौकरियाँ समाप्त हुई थीं। राष्ट्रीय बेरोजगारी दर मार्च में 5.1 प्रतिशत से घटकर 5.0 प्रतिशत रह गई जबकि इसके संबंध में 5.2 प्रतिशत की भविष्यवाणी की जा रही थी। जानकारों का कहना है कि इन आँकड़ों से फेड रिजर्व के ब्याज दर घटाने की श्रृंखला को विराम लग सकेंगा1 न्यूयार्क में डायचे बैंक के क्वान पैट्रिक का कहना है कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था उससे बेहतर स्थिति में हैं जितना कि लोग सोच रहे हैं।
इस बीच नौकरियों के आँकड़े जारी होने के बाद लंदन में सोने को जोरदार झटका लगा और इसके दाम चार माह के न्यूनतम स्तर तक गिर गए। सोने का वायदा कारोबार 865.60 डॉलर प्रति औंस तक पहुँचने के बाद 845.00 डॉलर प्रति औंस तक उतर गया। सोने का कारोबार न्यूयार्क में 850.25-851.65 डॉलर प्रति औंस के मुकाबले 853.90-854.90 डॉलर प्रति औंस पर किया गया।
|