अमेरिका के आयात निर्यात बैंक (एक्जिम बैंक) ने भारत में आधारभूत ढाँचागत सुविधाओं के लिए 2.2 अरब डॉलर (लगभग 85 अरब रूपए) की सहायता मंजूर की है। इसके अंतर्गत भोपाल मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए 2.94 करोड़ डॉलर की सहायता भी शामिल है।
एक्जिम बैंक के अध्यक्ष जेम्स एच. लैम्ब्राइट ने यह घोषणा की। एक्जिम बैंक यह सहायता भारत में बिजली एवं अक्षय ऊर्जा उत्पादन, तेल एवं गैस उत्खनन छोटे विमान, हवाई अड्डों के विकास तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में ढाँचागत सुविधाओं के लिए मध्यम एवं दीर्घकालिक ऋण के रूप में देगा।
बैंक ने बताया कि इस सहायता को आठ भारतीय वित्तीय संस्थानों के माध्यम से दिया जाएगा जो एक्जिम बैंक को भारतीय खरीददारों को अमेरिकी सामान के आयात के बदले अपनी गारंटी प्रदान करेंगे।
ये वित्तीय सँस्थान हैं- पॉवर फाइनेंस कारपोरेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलेपमेंट फाइनेंस कारपोरेशन, इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन, आईडीएफसी, भारतीय औद्योगिक विकास बैंक, आईडीबीआई, इंडिया इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड, आईआईएफसीआई, भारतीय स्टेट बैंक, इंफ्रास्ट्रक्चर लीजिंग एंड फाइनेंशियल सर्विसेज, आईएल एंड एफएस, भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी, इरेडा तथा पंजाब नेशनल बैंक।
लैम्ब्राइट ने कहा कि भारत में प्रतिस्पर्धी मूल्य और उच्च गुणवत्ता वाली अमेरिकी वस्तुओं एवं सेवाओं की माँग बढ़ रही है। इस नई सुविधा से एक्जिम बैंक को भारत की वर्तमान एवं भावी ढाँचागत परियोजनाओं के अमेरिकी निर्यात के लिए भारतीय रिणदाताओं के साथ काम करने का मौका मिलेगा।
भारत के वित्त मंत्रालय के अनुमान के मुताबिक भारत के ढाँचागत विकास के लिए 500 अरब डॉलर से ज्यादा की जरुरत पडे़गी। भारतीय परियोजनाओं को अमेरिकी निर्यात उपलब्ध कराने के लिए एक्जिम बैंक भारत के तमाम व्यापारिक, सरकारी एवं वित्तीय संस्थानों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बनने वाले भोपाल मेडिकल कॉलेज के लिए एक्जिम बैंक नई दिल्ली स्थित पंजाब नेशनल बैंक के माध्यम से सहायता देगा। यह सहायता भोपाल मेडिकल कॉलेज ट्रस्ट को दी जाएगी।
लैम्ब्राइट ने कहा कि एक्जिम बैंक भारत में अमेरिकी मेडिकल उपकरण एवं सेवाओं के निर्यात के लिए पंजाब नेशनल बैंक के साथ करने पर प्रसन्नता का अनुभव करता है।
भोपाल मेडिकल कॉलेज 30 एकड़ जमीन पर बनाया जा रहा है। इस कॉलेज में पाँच वर्षीय मेडिकल का कोर्स शुरू होगा तथा इसकी क्षमता 750 छात्रों की होगी। इसमें 750 बिस्तरों वाला एक अस्पताल, छात्रावास सभागृह, प्रयोगशाला पुस्तकालय आदि होंगे।
|