भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री कमलनाथ ने कहा है कि सरकार कालाबाजारी कर इससे लाभ कमा रहे लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी।
कमलनाथ ने शुक्रवार को यहाँ एक सम्मेलन में भाग लेने के बाद बातचीत में कहा कि हम खाद्य, सीमेंट और स्टील जैसी सामग्रियों के कालाबाजारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने में जरा भी संकोच नहीं करेंगे। देश में आपूर्ति एक बड़ी समस्या है।
लोहा, खनिज, अनाज, दाल, सब्जियों और सीमेंट जैसी वस्तुओं के मँहगा होने से सरकार के सभी प्रयासों के बावजूद मँहगाई की दर 22 मार्च को समाप्त हुए सप्ताह में चालीस माह के उच्च स्तर सात प्रतिशत पर पहुँच गई।
मँहगाई की दर का वर्तमान स्तर चार दिसम्बर 2004 के बाद का अधिकतम है। सरकार ने गत सोमवार को इस पर काबू करने के लिए गैर बासमती चावल के निर्यात पर रोक लगा दी थी, लेकिन फिलहाल इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।
|