पॉवर ग्रिड कार्पोरेशन ने एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) और विश्व बैंक से ऋण के रूप में करीब एक अरब डॉलर जुटाए हैं।
कंपनी ने कहा है कि उसने विश्व बैंक से 60 करोड़ डॉलर के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस राशि का इस्तेमाल 11वीं योजना के दौरान पारेषण परियोजनाओं की वित्तीय आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए किया जाएगा। इस ऋण से मिलने वाली राशि का उपयोग अंतर क्षेत्रीय और ग्रिड योजनाओं की मजबूती और राष्ट्रीय ग्रिड बनाने के साथ ही उत्तरप्रदेश के बलिया में एचवीडीसी टर्मिनल स्टेशन और राजस्थान के भिवाडी एचवीडीसी टर्मिनल को चालू करने में किया जाएगा।
इसके साथ ही कंपनी ने मनिला के एडीबी बैंक के साथ 40 करोड़ डॉलर ऋण का समझौता किया है। पॉवर ग्रिड अपनी विभिन्न पारेषण परियोजनाओं के लिए इससे पहले भी विश्व बैंक से 1.7 अरब डॉलर का ऋण ले चुका है। उल्लेखनीय है कि ऊर्जा मंत्रालय ने 2012 तक सभी स्थानों तक बिजली पहुँचने का लक्ष्य रखा है और इसकी पूर्ति के लिए बड़ी पूँजी की आवश्यकता पड़ेगी।
|