देश में विदेशी मुद्रा का सकल भंडार सात मार्च को समाप्त हुए सप्ताह में दो अरब 22 करोड़ 50 लाख डॉलर की जोरदार बढ़ोतरी से 303 अरब 46 करोड़ डॉलर की नई चोटी पर पहुँच गया।
29 फरवरी को समाप्त हुए सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार पहली बार 300 अरब डॉलर से ऊपर निकला था। रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आँकड़ों के मुताबिक 29 फरवरी को विदेशी मुद्रा कोष में 301 अरब 23 करोड़ 50 लाख डॉलर के बराबर राशि थी। पिछले साल नौ मार्च में यह भंडार 194 अरब 41 करोड़ रुपए के बराबर था।
आँकड़ों के मुताबिक इस दौरान विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियाँ पहले के 291 अरब 25 करोड़ डॉलर से बढ़कर 293 अरब 47 करोड़ 10 लाख डॉलर के बराबर हो गई जो पिछले साल 187 अरब पाँच करोड़ 80 लाख डॉलर थी।
सोना भंडार नौ अरब 55 करोड़ 80 लाख डॉलर पर टिका रहा। पिछले साल यह भंडार छह अरब 88 करोड़ 30 लाख डॉलर था। विशेष निकासी अधिकार की राशि शून्य रही।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास सुरक्षित राशि पहले के 42 करोड़ 70 लाख डॉलर से बढ़कर 43 करोड़ 10 लाख डॉलर हो गई। पिछले साल यह राशि 46 करोड़ 70 लाख डॉलर थी।
|