केंद्र सरकार देश में चार नए विद्युत संयंत्र स्थापित करने का विचार कर रही है। ऊर्जा सचिव अनिल राजदान ने शुक्रवार को यहाँ बताया कि ये चार मेगा संयंत्र पहले से नियोजित किए नौ विद्य़ुत संयंत्रों के अतिरिक्त होंगे।
इनमें से प्रत्येक की क्षमता चार हजार मेगावाट होगी। उन्होंने बताया कि तेजी से बढती अर्थव्यवस्था के कारण बिजली, आपूर्ति और माँग में भारी अंतर आ गया है। नए विद्युत संयंत्र लगाने के लिए उड़ीसा का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि उडीसा में चार मेगा विद्युत संयंत्र संयंत्र स्थापित करने की क्षमता है। इसके लिए उचित स्थान का चयन करना होगा।
राजदान ने बताया कि राज्य सरकार ने इन संयंत्रों के लिए कोयला उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा है। ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक देश में नौ प्रतिशत बिजली की कमी है जबकि अधिकतम माँग होने पर यह 14 प्रतिशत तक पहुँच जाती है।
इसको पूरा करने के लिए सरकार ने देश में नौ विद्युत संयंत्र स्थापित करने की योजना बनाई है जिनमें एक उड़ीसा में होगा। सरकार ने इनमें से तीन विद्युत संयंत्र की कार्ययोजना को मंजूरी दे दी है। इनमें से दो संयंत्र रिलायंस पावर लिमिटेड और एक टाटा पावर कंपनी स्थापित करेगी।
|