कच्चे तेल की मजबूती और डॉलर की पतली हालत के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार के ऊँचे समाचारों के बीच स्थानीय सराफा बाजार में शुक्रवार को सोना और चाँदी लंबी छलाँग के साथ नए शिखर पर पहुँच गए। सोना 330 रुपए बढकर 13000 हजारी होने से मात्र 20 रुपए पीछे है। चाँदी 900 रुपए बढ़कर 24 हजार 700 रुपए प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर बोली गई।
डॉलर के कमजोर होने से न्यूयॉर्क में कल सोना 1000 डॉलर की तरफ कदम बढाते हुए 991.90 डॉलर प्रति ट्राय औंस की ऊँचाई पर पहुँच गया था, किंतु इसके बाद निवेशकों की मुनाफावसूली से इसमें गिरावट आई और यह 976.20-976.95 डॉलर प्रति ट्राय औंस रहा। गत दिवस महाशिवरात्रि का अवकाश होने से स्थानीय सर्राफा बाजार में अवकाश था।
सिंगापुर से आज मिले समाचारों में वहाँ सोना 978.00 से 978.80 डॉलर प्रति ट्राय औंस बोला गया। लंदन की खबरों में सोना हाजिर कामकाज में 984.70 डॉलर तक चढने के बाद 980.15-980.90 डॉलर प्रति ट्राय औंस पर बना हुआ है। फिलहाल निवेशकों की निगाहें अमेरिका के रोजगार आँकडों पर हैं जिससे धातु बाजार की निकट की दिशा का पता चल सकेगा।
एक यूरो की कीमत 1.54 डॉलर पर बोली गई। यूरोपीय सेन्ट्रल बैंक ने संकेत दिया है कि उसे ऐसी सूरत में ब्याज दरों में कटौती करने की हडबडी नहीं है जब अमेरिका के फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में पौना प्रतिशत कमी किए जाने की चर्चाएँ जोरों पर है।
गुरुवार को न्यूयार्क में चांदी 27 वर्ष के रिकार्ड भाव 21.20 डॉलर तक चढ़ने के बाद फिलहाल लंदन में 20.17-20.22 डॉलर प्रति ट्राय औंस पर बोली जा रही है।
देश के बाजारों में विदेशों की ऊँची कीमतों और डॉलर के मुकाबले रुपए के फिलहाल कमजोर पड़ने से आयात महँगा बैठने से सोने की कीमतों में उछाल है। अलबत्ता ऊँची कीमतों पर ग्राहकी निरंतर कमजोर है।
स्थानीय सराफा बाजार में सोना स्टैंडर्ड 330 रुपए बढ़कर 12980 रुपए प्रति दस ग्राम के नए रिकॉर्ड पर पहुँच गया। चाँदी टंच 999 हाजिर में 24700 रुपए पर 900 रुपए प्रति किलो की बढ़त रही।
भाव रुपए में इस प्रकार रहे। सोना (प्रति दस ग्राम) स्टैंडर्ड 12980, बिटुर 12900, गिन्नी (प्रति आठ ग्राम) 10050, चाँदी (प्रति किलो) टंच 999 हाजिर 24700, वायदा 26240, चाँदी सिक्का (प्रति सैकड़ा) लिवाली 26800, बिकवाली 26900 रुपए।
|