घरेलू ब्रोकरेज खंड की प्रमुख कंपनी इंडियाबुल्स फाइनेंशियल ने शुक्रवार को कहा कि उसके शेयरधारकों ने घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से 4 हजार करोड़ रुपए जुटाने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
इंडियाबुल्स फाइनेंशियल ने मुंबई शेयर बाजार (बीएसई) को जानकारी दी है कि शेयरधारकों ने कंपनी को एक से अधिक खेपों में विदेशी मुद्रा परिवर्तनीय बांडों (एफसीसीबी), ग्लोबल डिपाजिटरी बांड (जीडीआर), इक्विटी शेयरों डिबेंचरों या अन्य प्रतिभूतियों को पात्र संस्थागत खरीददारों (क्यूआईबी) एवं निवेशकों को जारी कर 4 हजार करोड़ रुपए जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
कंपनी ने बताया कि शेयरधारकों ने मौजूदा उधारी दायरे को बढ़ाने एवं कंपनी की अधिकृत शेयर पूँजी में भी बढ़ोतरी करने की मंजूरी दी है। उल्लेखनीय है कि जनवरी में बोर्ड ने एक अरब डॉलर (लगभग 4 हजार करोड़ रुपए) जुटाने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।
|