साफ्टवेयर की बहुराष्ट्रीय कंपनी माइक्रोसाफ्ट कार्पोरेशन की वेब सर्च की दिग्गज गूगल को कड़ी टक्कर देने के लिए इस क्षेत्र में भारी निवेश करने की योजना है।
माइक्रोसाफ्ट के प्रमुख बिल गेट्स ने मंगलवार को यहाँ कहा कि याहू को खरीदने का प्रस्ताव बहुत ठीक है और याहू को नहीं खरीद पाने की स्थिति में कंपनी वेब सर्च के क्षेत्र में भारी पूँजी लगाएगी। उन्होंने कहा कि वेब सर्च के क्षेत्र में गूगल एक मात्र बडी कंपनी है। वेब सर्च व्यवसाय को प्रतिस्पर्धी और लाभदायक बनाने के लिए माइक्रोसाफ्ट इस क्षेत्र के बाजार में बड़ा हिस्सा चाहती है।
उन्होंने कहा कि कंपनी वेब सर्च की इंजीनियरिंग और मार्केटिंग में भारी निवेश कर सकती है और यह किया जाना चाहिए। हम यह याहू के साथ या याहू के बिना भी कर सकते हैं। माइक्रोसाफ्ट ने याहू को खरीदने के लिए प्रति शेयर 31 डॉलर की दर से 41.7 अरब डॉलर की बोली लगाई है जिसे याहू के निदेशक मंडल ने यह कहते हुए खारिज कर दिया कि कंपनी को कम आँका गया है।
माइक्रोसाफ्ट ने इस प्रस्ताव को ठीक और पूरा बताया है लेकिन अगली रणनीति का खुलासा नहीं किया है। जानकारों का कहना है कि माइक्रोसाफ्ट प्रति शेयर मूल्य 35 डॉलर कर सकती है।
|