देश में यात्री कार वर्ग की अग्रणी कंपनी मारूति सुजूकी इंडिया लिमिटेड ने एक और इतिहास रचते हुए सबसे कम समय में अपनी लोकप्रिय छोटी कार आल्टो के 10 लाख उत्पादन का श्रेय हासिल किया।
कंपनी की तरफ से आज इस संबंध में दी गई जानकारी के अनुसार कल शाम हरियाणा के गुड़गाँव स्थित संयंत्र में सिल्की सिल्वर रंग की आल्टो के एलएक्सआई संस्करण का उत्पादन हुआ जो कंपनी की इस मॉडल की दस लाखवीं कार बनी। कंपनी ने मात्र सात वर्ष और पांच माह में यह सफलता हासिल की।
इससे पहले कंपनी ने मात्र 25 माह के रिकॉर्ड समय में पाँच लाख आल्टो बनाने का रिकॉर्ड बनाया था। पिछले तीन साल से अधिक समय से देश के यात्री कार बाजार में आल्टो सबसे अधिक बिकने वाली कार है।
मारूति ने तीन संस्करणों आल्टो स्टैंडर्ड, आल्टो एलएक्स और आल्टो एलएक्सआई के साथ सितम्बर 2000 में भारतीय बाजार में पेश किया था और शुरू से ही उपभोक्ताओं की पसंद रही। कंपनी डेढ़ लाख आल्टो का निर्यात भी कर चुकी है। आल्टो मारूति का तीसरा माडल है जिसका उत्पादन दस लाख से ऊपर निकल गया है। इससे पहले कंपनी के दो अन्य मॉडल मारूति 800 और ओमैनी इस श्रेणी में है।
आल्टो इससे पहले भी कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी है। इनमें वित्त वर्ष 2006-07 में घरेलू बाजार में दो लाख और नवम्बर 2007 में 22 हजार 784 कारों की बिक्री का रिकॉर्ड शामिल है।
|