सरकारी क्षेत्र के बैंक प्रमुखों ने वित्त मंत्री पी.चिदंबरम से स्रोत पर आयकर कटौती (टीडीएस) की प्रक्रिया को सरल बनाने का अनुरोध किया है।
बैंक प्रमुखों ने वित्त मंत्री के साथ बजट पूर्व बैठक में आधारभूत संरचना पर दिए जाने वाले ऋण को भी कर से छूट देने का आग्रह किया। गौरतलब है कि वर्ष 2008-09 का बजट बनाने के क्रम में इन दिनों वित्त मंत्री उद्योगपतियों, बैंकरों तथा अन्य क्षेत्र के प्रतिनिधियों से मिल रहे हैं।
इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एन.एन. सिनोर ने पत्रकारों को बताया कि बैंक उद्योग ग्रेच्यूटी, पेंशन एवं भविष्यनिधि पर कर में छूट बढ़ने की माँग की।
बैंकिंग सूत्रों ने बताया कि वित्त मंत्री से टीडीएस संबंधी प्रावधानों को सरल करने का आग्रह किया गया क्योंकि कठिन प्रक्रिया से काफी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
|