टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने गुरुवार को उन खबरों का खंडन किया जिनमें कहा गया था कि कंपनी ने 500 कर्मचारियों को नौकरी से बाहर कर दिया है।
कंपनी ने कहा कि मानदंडों के अनुरूप कार्य निष्पादन न करने वाले कर्मचारियों को उनके काम से हटाया जाना एक सतत और स्वाभाविक प्रक्रिया है।
टीसीएस के प्रबन्ध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस. रामदोरई ने यहाँ एक पुस्तक के विमोचन के दौरान कहा करीब 500 कर्मचारियों के कामकाज पर लगातार नजर रखने के बाद पिछले दस माह में उनसे वैकल्पिक रोजगार ढूँढने के लिए कहा गया है।
रामदोरई ने कहा कि किसी को नौकरी से हटाया नहीं गया है जैसा कि मीडिया की खबरों में बताया गया है। उन्होंने कहा कि हर दो वर्ष में एक बार यह काम किया जाता है।
इससे पहले मानदंडों के अनुरूप खरा न उतरने वाले कर्मचारियों को कामकाज में सुधार के लिए पर्याप्त समय दिया जाता है। एक वर्ष पहले करीब 300 कर्मचारियों को कोई और काम करने के लिए कहा गया था।
|