लगता है उद्योगपति अंबानी बंधु आगामी कुछ हफ्तों में आईपीओ बाजार में एक-दूसरे से होड़ करते नजर आने वाले हैं।
मुकेश अंबानी के नियंत्रण वाले रिलायंस फ्रेश के करीबी सूत्रों ने दावा किया कि कंपनी एक मेगा आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है। इसके जरिए पूँजी बाजार से 10 हजार करोड़ रु. जुटाने का इरादा है।
इस राशि का उपयोग 25 हजार करोड़ रु. के विशाल रिटेल उपक्रम में किया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके बाद इसे अधिकतम दो हफ्तों में बाजार नियामक सेबी के समक्ष प्रस्तुत कर दिया जाएगा। रिलायंस के प्रवक्ता ने कहा कि इस बात में कोई सच्चाई नहीं है, लेकिन इसके बावजूद बाजार में रिलायंस रिटेल के आईपीओ को लेकर चर्चा गर्म है।
दूसरी ओर अनिल अंबानी के नियंत्रण वाली रिलायंस कम्युनि-केशन्स (आर-कॉम) की सहायक कंपनी रिलायंस इंफ्राटेल सोमवार को ही सेबी के समक्ष कंपनी के आईपीओ के बारे में ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस प्रस्तुत कर चुकी है। आर-कॉम इसके जरिए 6 हजार करोड़ रु. बाजार से जुटाना चाहती है।
सूत्रों का कहना है कि यदि सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो दोनों ही कंपनियाँ अप्रैल-मई में पूँजी बाजार में अपने-अपने आईपीओ लेकर उतर सकती हैं।
|