देश की इस्पात क्षेत्र के अग्रणी सार्वजनिक उपक्रम भारतीय इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड (सेल) का शुद्ध मुनाफा चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 32 प्रश बढ़कर 1471 करोड़ रु.से 1935 करोड़ रु. के रिकॉर्ड पर पहुँच गया। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के लिए 19 प्रतिशत के अंतरिम लाभांश की घोषणा भी की है।
सेल अध्यक्ष एसके रूंग्टा ने यहाँ अक्टूबर-दिसंबर 07 के परिणाम घोषित करते हुए कहा कि तिमाही के दौरान कंपनी का कर पूर्व लाभ 31 प्रतिशत बढ़कर 2922 करोड़ रु. पर पहुँच गया। कारोबार 11.4 प्रश की तुलना में 10756 करोड़ रु. रहा। रुग्टा ने बताया कि तिमाही के दौरान सेल के ऋण में 412 करोड़ रु. की और कमी की गई है और यह अब 2792 करोड़ रु.रह गया।
उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष के पहले नौ माह के दौरान करीब 20 हजार करोड़ रु. मूल्य की परियोजनाओं के कार्यान्वयन की मंजूरी दी गई है। तीसरी तिमाही के दौरान इस्को स्टील प्लांट में ब्लास्ट फर्नेस 2 का पुनर्निर्माण और बोकारो स्टील संयंत्र में कोल्ड रोलिंग मिल के पीएल दो के लिए एचसीएल पुनःउत्पादन संयंत्र की स्थापना शामिल है। उन्होंने बताया कि तीसरी तिमाही के दौरान स्थापित क्षमता का 121 प्रतिशत इस्तेमाल कर 34 लाख टन बिक्री योग्य इस्पात का उत्पादन किया।
|