आवास ऋण उपलब्ध कराने वाले अग्रणी उपक्रम आवास विकास वित्त निगम (एचडीएफसी) को अपनी गैर जीवन बीमा कंपनी में 26 प्रतिशत हिस्सेदारी ईआरजीओ इंटरनेशनल की सहायक इकाई म्यूनिख आरई को बेचने के लिए सिद्धांत रूप से स्वीकृति मिल गई है।
एचडीएफसी ने सोमवार को यहाँ जारी वक्तव्य में इसकी जानकारी दी। कंपनी पिछले साल अपनी गैर जीवन बीमा इकाई एचडीएफसी जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड में 235 करोड़ रुपए में से 26 प्रतिशत इक्विटी बेचने के लिए राजी हुई थी।
बीमा कारोबार की नियामक संस्थान बीमा नियामक विकास प्राधिकरण (इरडा) से सौदे को मंजूरी मिल जाने के बाद इस माह बिक्री के पूरा हो जाने की उम्मीद है। दोनों के बीच इस संयुक्त उद्यम का नाम एचडीएफसी ईआरजीओ जनरल इश्योरेंस कंपनी लिमिटेड होगा।
एचडीएफसी के प्रमुख दीपक पारेख ने कहा कि साधारण बीमा कारोबार में अपार संभावनाएँ हैं और इस क्षेत्र में उपक्रम काफी पीछे था और अब इस क्षेत्र में ध्यान केन्द्रित किया जाएगा जिससे कि तेजी से बढ़ रहे इस उद्योग में एक अहम कंपनी बना जा सके।
देश में बीमा कारोबार में विदेशी हिस्सेदार के लिए अधिकतम 26 प्रतिशत की सीमा तय है और पिछले साल अक्टूबर में कंपनी ने इस हिस्से के तहत सवा तीन करोड़ शेयर बेचने के सौदे को मंजूरी दी थी।
पिछले साल ही कंपनी ने अपने हिस्सेदार चुब्बा कार्पोरेशन से साधारण बीमा उद्यम में 26 प्रतिशत हिस्सा खरीदा था। कंपनी का ब्रिटेन की स्टैंडर्ड लाईफ के साथ जीवन बीमा कारोबार के लिए संयुक्त उद्यम भी है।
|