फ्रांस के निजी बैंक बीएनपी पारीबास ने भारत में अपना कारोबार बढाने के लिए बैंकिंग व्यवसाय में 10 करोड़ यूरो का निवेश किया है।
बीएनपी के क्षेत्रीय प्रमुख एवं मुख्य कार्यकारी फ्रेडरिक एमोड्रू ने सोमवार को यहाँ कहा कि बैंक ने अपने ग्राहकों के लिए ऋण सीमा बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा बैंक ने रुपए में सक्रिय रूप से कारोबार करने की क्षमता बढ़ाई है जिसे बैंक पर्याप्त पूँजी आधार नहीं होने के कारण टालता रहा है।
उन्होंने कहा कि यह निवेश वर्ष 2007 की तीसरी तिमाही में किया गया। इसके जरिए बैंक का पूँजी आधार 5.7 अरब रुपए से बढ़कर 16 अरब रुपए हो गया।
मुख्य कार्यकारी ने कहा कि बैंक इसके अलावा देश में कई संयुक्त उद्यमों में भी निवेश कर रहा है। इसमें जीवन बीमा में भारतीय स्टेट बैंक, संपदा एवं आवास वित्त में सुंदरम ग्रुप और उपकरण लीजिंग में श्रेय इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस लिमिटेड के साथ सहयोग शामिल है। संस्थागत ब्रोकेज में भी बैंक की जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेस लिमिटेड के साथ भागीदारी है।
|