देश में पिछले माह मोबाइल टेलीफोन के 81 लाख 70 हजार नए उपभोक्ता बने जबकि फिक्स फोन उपभोक्ताओं की संख्या 60 हजार घट गई।
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने कहा कि गत दिसंबर के दौरान 81 लाख 10 हजार नए टेलीफोन उपभोक्ता बने जिससे देश में सभी तरह के टेलीफोन कनेक्शन की संख्या 27 करोड़ 28 लाख 80 हजार पहुँच गई।
मोबाइल के 81 लाख 70 हजार उपभोक्ता जुड़े लेकिन फिक्स फोन के 60 हजार कनेक्शन कट गए। इसके साथ ही दिसंबर के अंत में टेलीफोन घनत्व बढ़कर 23.89 प्रतिशत हो गया जो नवंबर में 23.21 प्रश था।
दिसंबर के दौरान मोबाइल उपभोक्ताओं की संख्या में अच्छी वृद्धि हुई लेकिन यह नवंबर माह में हुई वृद्धि से कम है। नवंबर के दौरान 83 लाख 20 हजार नए मोबाइल कनेक्शन लिए गए थे।
दिसंबर के अंत में देश में कुल मोबाइल फोनधारकों की कुल संख्या 23 करोड़ 36 लाख 30 हजार हो गई जबकि फिक्स फोन उपभोक्ताओं की कुल संख्या तीन करोड़ 92 लाख 50 हजार हो गई जो नवंबर में तीन करोड़ 93 लाख 10 हजार थी।
ट्राई के अनुसार दिसंबर में ब्राडबैंड के कुल कनेक्शन की संख्या में भी वृद्धि हुई और यह 31 लाख 30 हजार हो गए जो नवंबर में 28 लाख 70 हजार थे।
|