अमेरिकी बाजारों के आवासीय क्षेत्र के ऋण कारोबार में संकट का असर शेयर बाजारों के साथ-साथ स्थानीय सर्राफा बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। बीते सप्ताह भारी उतार-चढ़ाव के बीच सोने में जहाँ 45 रुपए की तेजी रही वहीं चाँदी में 125 रुपए की नरमी रही।
अमेरिका में जोखिम वाले व्यक्तियों को भी बैंक ऊँचे ब्याज दरों पर कर्ज देते हैं, जिसे सबप्राइम कहा जाता है। पिछले कुछ दिनों से ऐसे ऋण की अदायगी कम हो पा रही है, जिससे इसमें लगे कोष अपने घाटे को पूरा करने के लिए बाकी बाजारों से अपना निवेश निकाल रहे हैं। इस सबप्राइम संकट ने अमेरिकी शेयर बाजारों को कुछ दिनों से धराशायी कर दिया है, जिसका असर सर्राफा बाजार पर भी दिखाई दे रहा है।
अमेरिकी फेडरल बैंक ने अमेरिका में जोखिम वाले ऋणों की चिंताओं से निजात दिलाने के लिए बैंकिंग प्रणाली में शुक्रवार को 38 अरब डॉलर डाले, ताकि तरलता की समस्या न रहे। फेडरल बैंक इस हफ्ते अब तक बैंकिंग प्रणाली में 87.5 अरब डॉलर डाल चुका है।
मंगलवार को फेडरल बैंक की हुई बैठक में बेंचमार्क ब्याज दर 5.25 फीसदी पर स्थिर रखने का फैसला किया। हालाँकि बैंक ने निकट भविष्य में ब्याज दरों में कटौती का संकेत दिया।
भारी उतार-चढ़ाव के बीच सप्ताहांत न्यूयॉर्क में सोने के भाव पिछले सप्ताह के 674.10- 674.90 डॉलर प्रति ट्राय औंस के मुकाबले लगभग दो डॉलर नरम होकर 672.20- 673.00 डॉलर रह गए।
न्यूयॉर्क में चाँदी भी ढ़ीली रही। सप्ताहांत इसके भाव पिछले सप्ताह के 13.10-13.15 डॉलर प्रति ट्राय औंस के मुकाबले 27 से 28 सेंट कमजोर होकर 12.83-12.87 डॉलर प्रति ट्राय औंस हो गए।
बीते सप्ताह स्थानीय बाजार में सोने में निरंतर घटबढ़ बनी रह। कारोबारियों का कहना है कि अमेरिका के सबप्राइम संकट का असर शेयर बाजार की तरह सर्राफा कारोबार पर भी कुछ हद तक पड़ा है।
हालाँकि बीते सप्ताह निचले स्तर पर अंतिम दिनों में खरीदारी बढ़ने से सोने के भाव पिछले सप्ताह के 8925 रुपए प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 45 रुपए से बढ़कर 8970 रुपए हो गए।
बिटुर में भी 8925 रुपए पर इतनी ही तेजी आई। गिन्नी 25 रुपए ऊँची होकर 7600 रुपए प्रति आठ ग्राम हो गई।
चाँदी टंच 999 हाजिर में भी भारी उतार-चढ़ाव नजर आया। इसके भाव पिछले सप्ताह के 17725 रुपए के मुकाबले 125 रुपए टूटकर 17600 रुपए प्रति किलो रह गया।
चाँदी सिक्का लिवाली-बिकवाली क्रमश: 23500 रुपए से 23600 रुपए प्रति सैकड़े पर टिका रहा। चाँदी साप्ताहिक डिलीवरी 17700 रुपए पर 100 रुपए प्रति किलो ढ़ीली रही।
|