मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > व्यापार > बाजार
सुझाव/प्रतिक्रिया मित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
कीमती धातुओं ने लगाई छलाँग
विदेशों के ऊँचे समाचारों से बीते सप्ताह स्थानीय सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं ने लंबी छलाँग लगाई। सोना 170 रुपए से बढ़कर नौ सप्ताह और चाँदी 300 रुपए के उछाल से चार सप्ताह के उच्चस्तर पर पहुँच गई।

बीते सप्ताह लंदन में सोने की कीमतों में करीब 22 डॉलर प्रति ट्राय औंस की तेजी आई और भाव 10 सप्ताह के उच्चस्तर 682.50-683.10 डॉलर प्रति ट्राय पर पहुँच गई। सप्ताह के दौरान सोना ऊँचे में 683.60 डॉलर प्रति ट्राय औंस तक पहुँचा।

अमेर‍िका के आवास क्षेत्र की डगमग स्थिति को देखते हुए यूरो की तुलना में डॉलर रिकॉर्ड न्यूनतम भाव 1.3843 डॉलर पर पहुँच गया। पौंड स्टर्लिंग का भाव डॉलर की तुलना में 26 वर्ष के उच्चस्तर पर रहा। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने भी सोने में मजबूती लाने में पूरा योगदान किया।

बाजार विश्लेषकों का कहना है कि डॉलर के कमजोर पड़ने और कच्चे तेल की ऊँची कीमतों से सोने में निवेश फायदे का सौदा है। सप्ताहांत अमेर‍िकी शेयर बाजार में आई गिरावट से निवेशकों का मनोबल और बढा़। सप्ताह के दौरान चाँदी छह सप्ताह के उच्चस्तर 13.40 डॉलर प्रति ट्राय औंस को छूने के बाद 13.35-13.39 डॉलर पर 34-35 सेंट प्रति ट्राय औंस ऊँची रही।

हालाँकि स्थानीय बाजार में दोनों कीमती धातुओं की माँग का विशेष जोर नहीं था। माँग अगले माह के अंत में त्यौहारी मौसम शुरू होने के बाद जोर पकड़ने की उम्मीद है।

सोमवार को विदेशी बाजारों में कुछ नरमी को देखते हुए स्थानीय बाजारों में भी इसका असर था, जो मंगलवार को भी देखा गया। इसके बाद बाजार ने तेजी पकडी़ और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा।

शुक्रवार को सोना स्टैंडर्ड नौ सप्ताह के बाद 9000 रुपए प्रति दस ग्राम के स्तर को छूने में सफल रहा। इससे पहले 15 मई को सोना 9025 रुपए रहा था। यह तेजी सप्ताह के अंतिम दिन भी जारी रही और सप्ताहांत कुल 170 रुपए की बढ़त से यह 9060 रुपए प्रति दस ग्राम पर बंद हुआ।

चाँदी टंच 999 हाजिर में पूरे सप्ताह उठापटक देखी गई। सप्ताह के पहले दिन के कारोबार में स्थिर रही चाँदी अगले दिन 17650 रुपए पर 150 रुपए प्रति किलो टूट गई। इसके बाद चाँदी ने रफ्तार पकडी़ और शुक्रवार को यह चार सप्ताह के बाद 18000 रुपए प्रति किलो को पार करने में सफल हुई। सप्ताहांत इसमें 18100 रुपए पर कुल 300 रुपए प्रति किलो की तेजी रही।

बिटुर क्वालिटी सोने में 9010 रुपए पर 170 रुपए प्रति दस ग्राम की तेजी आई। गिन्नी 25 रुपए से बढ़कर 7650 रुपए प्रति आठ ग्राम पर बंद हुई।

चाँदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 260 रुपए से बढ़कर 18170 रुपए प्रति किलो पर पहुँच गई। चाँदी सिक्का लिवाली-बिकवाली 100-100 रुपए बढ़कर क्रमश: 23500 रुपए से 23600 रुपए प्रति सैकडा़ रहा।
और भी
चना और गेहूँ तेज, चीनी में नरमी
सोना और चाँदी में चमक
सोने में स्थिरता, चाँदी उछली
चीनी तेज, खाद्‍य तेलों में मिश्रित रुख
चना-गेहूँ में तेजी, खाद्य तेलों में उबाल
सोना-चाँदी में लगातार तीसरे हफ्ते गिरावट