अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में ऊबाल और डॉलर के कमजोर पड़ने से विदेशों में आई तेजी से स्थानीय सर्राफा बाजार में सोने और चाँदी ने बीते सप्ताह लंबी छलाँग लगाई। सोना 170 रुपए और चाँदी 450 रुपए ऊँची बंद हुई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के सट्टेबाजों की सक्रियता भी अगले साल भी माँग में बढो़तरी की संभावना की वजह से शुक्रवार को 11 माह के उच्च स्तर 77 डॉलर प्रति बैरल पर पहुँच गया।
डॉलर का कमजोर पड़ने से सोने में निवेश फायदे का सौदा है और निवेशक इसका लाभ उठाने का कोई मौका नहीं चूक रहे। अच्छी खरीदारी ने सोने को और हवा दी। यूरो की तुलना में डॉलर रिकॉर्ड न्यूनतम भाव पर है। जापानी येन भी मजबूत है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना बीते सप्ताह निरंतर मजबूत रहा। पिछले शुक्रवार के 653.80, 654.60 डॉलर की तुलना में सोमवार को सोना 661.25, 661.85 डॉलर प्रति ट्राय औंस पर मजबूत हुआ और इसके बाद यह कमोबेश मजबूत बना रहा। समाप्त हुए सप्ताह में यह ऊँचे में 669.05 डॉलर की ऊँचाई छूने के बाद 666.30, 666.90 डॉलर प्रति ट्राय औंस पर बंद हुआ।
चाँदी भी सोने से पीछे नहीं रही। पिछले शुक्रवार को यह 12.68, 12.73 डॉलर प्रति ट्राय औंस थी। सोमवार को यह 12.80, 12.84 डॉलर बोली गई। गुरुवार को सप्ताह का अधिकतम 13.14 डॉलर का भाव छूने के बाद सप्ताहांत 13.07, 13.11 डॉलर प्रति ट्राय औंस रही । हालाँकि स्थानीय बाजार में वैवाहिक माँग का कोई जोर नहीं था, किंतु विदेशी भावों से सोना और चाँदी निरंतर बढ़ते रहे।
सोमवार को सोना स्टैंडर्ड 8725 रुपए प्रति दस ग्राम बोला गया और इसके बाद इसने पीछे मुड़कर नहीं देखा। सप्ताहांत यह 170 रुपए की छलाँग लगाने के बाद तीन सप्ताह उपरांत 8800 रुपए से ऊपर 8890 रुपए प्रति दस ग्राम पर बंद हुआ। बिटुर में 8840 रुपए पर इतनी ही तेजी रही। गिन्नी 75 रुपए बढ़कर 7625 रुपए प्रति आठ ग्राम पर पहुँच गई।
चाँदी का कारोबार मंदे के साथ शुरु हुआ और मंगलवार को यह सप्ताह के न्यूनतम भाव 17300 रुपए प्रति किलो पर बिकने के बाद मजबूती पकड़ने लगी और शुक्रवार को 17850 रुपए पर पहुँची। शनिवार को सुस्त कामकाज और विदेशों में हल्की गिरावट को देखते हुए यह 50 रुपए टूटने के बाद 450 रुपए की भारी तेजी के साथ 17800 रुपए प्रति किलो पर बंद हुई 1
चाँदी सिक्का लिवाली-बिकवाली क्रमश: 23500 रुपए 23600 रुपए प्रति सैकडे़ पर टिका रहा। चाँदी साप्ताहक डिलीवरी में 17910 रुपए पर 490 रुपए प्रति किलो की तेजी रही।
|