मुख्य पृष्ठ  खबर-संसार  व्यापार  बाजार
 
सोने में स्थिरता, चाँदी उछली
विदेशी बाजारों में दोनों कीमती धातुओं में तेजी के समाचारों से बीते सप्ताह भारी उतार-चढा़व के बीच सोने में जहाँ एक ओर स्थिरता रही वहीं चाँदी 250 रुपए उछल गई।

विदेशी बाजारों में पूरे सप्ताह दोनों कीमती धातुओं में भारी उतार-चढा़व देखा गया। लंदन के ग्लासगो हवाई अड्डे पर हुए आंतकी हमले के मद्देनजर खराब हुए सुरक्षा हालात के कारण सोमवार को सोने के दाम 10 डॉलर तक ऊँचे हो गए। इस दिन सोने के भाव 658.80 डॉलर तक पहुँच गए जो 20 जून के बाद सबसे ऊँचा स्तर है।

सप्ताह के दौरान यूरो के मुकाबले डॉलर की कीमत 26 सालों के सबसे निचले स्तर पर पहुँच गई, लेकिन गुरुवार को नाइजीरिया में आतंकी हमले के बाद आपूर्ति में बाधा की आशंका से कच्चे तेल की कीमत 76 डॉलर तक पहुँच गई जो 11 महीनों का सबसे ऊँचा स्तर है। इससे डॉलर को बल मिला और गुरूवार को सोने की कीमतें 1.3 फीसदी गिर गईं।

सप्ताहांत न्यूयॉर्क में सोना पिछले सप्ताह के 648.70-650.20 डॉलर प्रति ट्राय औंस के मुकबाले पाँच डॉलर से अधिक तेज होकर 654.70-658.20 डॉलर प्रति ट्राय औंस हो गया।

विदेशी बाजारों में चाँदी में भी यही हाल रहा। सप्ताह के दौरान इसमें भी भारी गिरावट देखी गई। पिछले सप्ताह जहाँ इसके भाव 12.36-12.41 डॉलर प्रति ट्राय औंस पर थे वहीं इस हफ्ते के अंत तक इसके भाव 32 सेंट ऊँचे होकर 12.68-12.73 डॉलर प्रति ट्राय औंस हो गए।

विदेशी बाजारों की तेजी का असर स्थानीय सर्राफा बाजार पर कोई खास नहीं रहा। कारोबारियों का कहना है कि अमेरिका द्वारा भारतीय आभूषणों एवं रत्नों पर विशेष छूट जीएसपी हटा देने से इनके निर्यात पर असर पड़ सकता है।

दोनों कीमती धातुओं में सप्ताह भर उतार-चढाव बना रहा। कारोबारियों को उम्मीद है कि आगामी शादी ब्याह के मौसम को देखते हुए सोने की माँग तेज हो सकती है।

उतार-चढा़व के बीच सप्ताहांत में सोने के भाव पिछले सप्ताह के 8720 रुपए प्रति 10 ग्राम पर स्थिर रहा। बिठूर में 8670 रुपए पर 10 रुपए प्रति 10 ग्राम की ही गिरावट रही।

चाँदी टंच 999 हाजिर में भारी तेजी रही। सप्ताहांत यह पिछले हफ्ते के 17100 रुपए प्रतिकिलो के मुकाबले 250 रुपए ऊँची होकर 17350 रुपए प्रति किलो हो गई।

चाँदी साप्ताहिक डिलीवरी में 17420 रुपए पर 280 रुपए की नरमी रही। चाँदी सिक्का लिवाली-बिकवाली 23500 रुपए एवं 23600 रुपए 300 रुपए प्रति सैकडा़ ऊँची हो गई। गिन्नी 7550 रुपए पर 50 रुपए लुढ़क गई।
और भी
चीनी तेज, खाद्‍य तेलों में मिश्रित रुख
चना-गेहूँ में तेजी, खाद्य तेलों में उबाल
सोना-चाँदी में लगातार तीसरे हफ्ते गिरावट
32.67 लाख टन गेहूँ की आवक
सोने, चाँदी में भारी गिरावट
चना-डॉलर, चने में 50 रूपए का सुधार