स्थानीय सर्राफा बाजार में बीते सप्ताह सामान्य कारोबार के बीच विदेशी बाजारों में नरमी के मद्देनजर दोनों कीमती धातुओं में भारी गिरावट दर्ज की गई। सोना 115 रुपए प्रति 10 ग्राम और चाँदी 250 रुपए प्रति किलो लुढ़क गई।
डॉलर में मजबूती और तेल की कीमतें नियंत्रण में रहने से विदेशी बाजारों में दोनों कीमती धातुओं में गिरावट रही। सोमवार को हल्की तेजी के बाद मंगलवार से गिरावट का जो सिलसिला शुरू हुआ वह पूरे सप्ताह बदस्तूर जारी रहा।
बुधवार को अमेरिकी फेडरल की हुई बैठक में ब्याज दरों के 5.25 प्रतिशत पर कायम रखने का निर्णय किया। इससे डॉलर को मजबूती मिली। बाजार में ब्याज दरों के बढ़ाए जाने की आशंका जताई जा रही थी।
न्यूयॉर्क में सोना पिछले सप्ताह के 687.60-688.10 डॉलर प्रति ट्राय औंस से 15 डॉलर से अधिक टूट कर 672.20-672.70 डॉलर प्रति ट्राय औंस रह गया।
विदेशी बाजारों में चाँदी में भी यही हाल रहा। पिछले सप्ताह इसके भाव 13.41-13.46 डॉलर प्रति ट्राय औंस पर थे वहीं इस हफ्ते के अंत तक इसके भाव 14 सेंट नरम होकर 13.27-13.32 डॉलर प्रति ट्राय औंस रह गए।
|