गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
Written By भाषा

भाजपा को झटका, हजकां ने छोड़ा साथ

भाजपा को झटका, हजकां ने छोड़ा साथ -
FILE
हरियाणा में विधानसभा चुनावों से पहले कुलदीप बिश्नोई नीत हरियाणा जनहित कांग्रेस (एचजेसी-बीएल) ने गुरुवार को भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ने का फैसला किया और अब वह कांग्रेस के पूर्व नेता विनोद शर्मा की जन चेतना पार्टी को अपना नया सहयोगी बनाएगी।

हजकां-भाजपा गठबंधन तीन साल पहले हुआ था और कुछ समय से दोनों दलों के बीच विवाद चल रहा था। भाजपा से गठबंधन तोड़ने का फैसला करते हुए हजकां अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भगवा दल ने उनकी पार्टी के साथ छल किया है।

हजकां नेता कुलदीप विश्नोई ने लगाया भाजपा पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए गठबंधन तोड़ने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मोदी की रेवाड़ी रैली में हजकां नेताओं को नहीं बुलाया गया। इतना ही नहीं मोदी ने सभा में नाम भी नहीं लिया।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के पूर्व नेता विनोद शर्मा की जन चेतना पार्टी (जेसीपी) के साथ गठबंधन करेगी। हरियाणा में अक्तूबर माह में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं।

दिवंगत मुख्यमंत्री भजनलाल के छोटे पुत्र बिश्नोई ने कहा कि हमने गठबंधन को बनाए रखने के लिए अपनी ओर से पूरी कोशिश की.. वे (भाजपा) गठबंधन के सिद्धांतों पर कायम रहने के लिए तैयार नहीं हैं।

बिश्नोई ने भिवानी जिले में कल एक रैली में कहा 'छलना भाजपा के स्वभाव में है।' उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन साल से वह पूरे दिल से भाजपा के साथ सहयोग करते रहे, 'लेकिन अंत में हम ही छले गए।'

हरियाणा में सत्तारूढ़ कांग्रेस को बेदखल करने के लिए प्रयासरत भाजपा और हजकां के बीच दरार लोकसभा चुनावों से नजर आ रही थी। हजकां ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा और दोनों पर हार गई जबकि भाजपा ने सात सीटों पर जीत दर्ज की।

विधानसभा चुनावों के लिए सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर दोनों दलों के बीच मतभेद होने के कारण उनके संबंध तनावपूर्ण थे। बिश्नोई 90 में से 45 सीटें मांगते हुए कह रहे थे कि उन्हें गठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया जाए। भाजपा दोनों ही मांगों को खारिज करती रही है।