गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
Written By WD
Last Updated : रविवार, 27 जुलाई 2014 (00:34 IST)

डॉक्टर के भेष में आया हत्यारा...

डॉक्टर के भेष में आया हत्यारा... -
FILE
इन्दौर। शहर के एमवाय अस्पताल के वार्ड नंबर 17 में सोमवार अलसुबह 4.30 बजे जब सभी मरीज पूरी तरह नींद के आगोश में थे, तभी एक गोली की आवाज से सबकी नींद खुल गई और पूरे वार्ड में हड़कंप मच गया। इस पूरी घटना को फिल्मी अंदाज में अंजाम दिया गया। इससे पहले कि किसी को कुछ समझ आता हत्यारा फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीमारी के चलते कन्नौद जेल से रामदयाल नामक कैदी को उपचार के लिए 16 जुलाई को एमवाय अस्पताल लाया गया था। उसकी सुरक्षा के लिए एक गार्ड भी तैनात था। तभी डॉक्टर की ड्रेस में आए एक व्यक्ति ने गार्ड से इलाज के कागज मांगे। कुछ देर उसने कागज देखने का नाटक किया और रिवॉल्वर निकालकर रामदयाल के सिर में काफी करीब से गोली मार दी। कैदी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। गार्ड के मुताबिक उसने हत्यारे का पीछा किया, मगर वह भाग निकला।

संयोगितागंज पुलिस थाने के एसआई ने बताया कि अस्पताल के इसी वार्ड में पिंटू ठाकुर हत्याकांड का आरोपी जितेन्द्र भी भर्ती था। जितेन्द्र ने पुलिस से आशंका जाहिर की है कि अज्ञात बदमाश उसकी (जितेन्द्र की) हत्या करने के इरादे से आया था, लेकिन गफलत में पलंग नंबर 17 पर भर्ती रामदयाल की हत्या कर गया। क्योंकि कल रात को ही बदबू आने के कारण उसने अस्पतालकर्मियों से कहकर अपना पलंग बदलवाकर 17 से 12 नंबर करवा लिया था। अस्पतालकर्मियों ने बाद में 17 नंबर का पलंग रामदयाल को दे दिया।

इस घटनाक्रम ने प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खोल दी है। डॉक्टर सुरक्षा की मांग लगातार करते रहे हैं और कई बार इसी बात को लेकर हड़ताल भी की है। (वेबदुनिया)