कश्मीर के लोगों को कड़ाके की ठंड से कोई राहत नहीं मिली है क्योंकि कारगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 19.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जो कि इस मौसम का सबसे कम तापमान है। इसके साथ ही कारगिल क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान बन गया है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात कारगिल नगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि ठंड के इस मौसम में राज्य के किसी भी हिस्से के न्यूनतम तापमान से कम है।
अधिकारी ने बताया कि लद्दाख क्षेत्र स्थित लेह नगर में तापमान शून्य से 18.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। उसने बताया कि उत्तर कश्मीर स्थित गुलमर्ग घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां पारा कल रात में शून्य से 16.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में तापमान शून्य से 12.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। (भाषा)