शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
Written By भाषा

सोनिया, राहुल को ले लेनी चाहिए दो साल की छुट्टी : बराड़

सोनिया, राहुल को ले लेनी चाहिए दो साल की छुट्टी : बराड़ -
FILE
नई दिल्ली। कांग्रेस कार्यसमिति के पूर्व सदस्य जगमीतसिंह बराड़ ने शुक्रवार को अपने हंगामेदार बयान में कहा कि लोकसभा चुनावों में हार के मद्देनजर अगर सोनिया गांधी और राहुल गांधी दो वर्ष की छुट्टी ले लेते हैं तो ‘कोई नुकसान’ नहीं है।

पंजाब के पूर्व सांसद बराड़ ने कहा कि कांग्रेस के सबसे खराब हार के बाद अभी तक कांग्रेस के सभी महासचिवों को इस्तीफा दे देना चाहिए था और पार्टी की कमान नए नेताओं को सौंप देनी चाहिए थी। लंबे समय से नाराज चल रहे बराड़ पहले कांग्रेस नेता हैं जिन्होंने गांधी परिवार को कम समय के लिए ही सही लेकिन पद छोड़ने की मांग की है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि वे जो कह रहे हैं वे एक कांग्रेसकर्मी की तरह कह रहे हैं जिसने पार्टी के साथ वर्षों गुजारे हैं और उनका मानना है कि थोड़ा आराम करने के बाद गांधी परिवार वापस लौट सकता है और इस बीच कुछ नेता पार्टी का नेतृत्व कर सकते हैं।

बहरहाल नेतृत्व के ‘सलाहकारों’ को भी उन्होंने नहीं बख्शा और कहा कि वे पार्टी कार्यकर्ताओं को नेतृत्व से बातचीत नहीं करने देते और उन्हें तुरंत पद छोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘यह एक सामूहिक जिम्मेदारी है।

मैं नहीं कह रहा हूं कि केवल सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर जिम्मेदारी डाल दी जाए। हर किसी को जिम्मेदारी लेनी होगी। वे भी जिम्मेदार हैं। मैं जो कह रहा हूं कि अगर कोई व्यक्ति इतने वर्षों तक पार्टी अध्यक्ष रहा है तो उसे दो वर्षों की छुट्टी लेने में कोई नुकसान नहीं है। (भाषा)