मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By WD

राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं- दिग्विजय सिंह

राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं- दिग्विजय सिंह -
FILE
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महासचिव दिग्विजयसिंह एक बार फिर बयान देकर सबको चौंका दिया है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं और अगले चुनाव में उन्हें कांग्रेस प्रधानमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट कर सकती है।

इकॉनामिक टाइम्स को दिए अपने एक इंटरव्यू में दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस राहुल बनाम मोदी के रूप में राहुल गांधी को चुनाव में नहीं उतारना चाहती लेकिन कांग्रेस अगला चुनाव राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी क्यों नहीं प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं? उन्होंने कभी ऐसा नहीं कहा कि मैं प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहते। राहुल ने कभी मना नहीं किया। जनता चाहेगी तो वे क्यों नहीं बनेंगे प्रधानमंत्री।

सत्ता के दो केंद्र, कारगर नहीं रहा : इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि सत्ता के दो केंद्र का मॉडल कारगर नहीं रहा और सुझाव दिया कि अगले लोकसभा चुनाव में अगर पार्टी सत्ता में आती है तब राहुल गांधी को किसी को प्रधानमंत्री मनोनीत नहीं करना चाहिए।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मनमोहन सिंह सरकार के कामकाज में कभी भी हस्तक्षेप नहीं किया।

उन्होंने एक समाचार चैनल से कहा कि निजी तौर पर मैं महसूस करता हूं कि इस मॉडल ने ठीक ढंग से काम नहीं किया, क्योंकि व्यक्तिगत तौर पर मेरा मानना है कि सत्ता के दो केंद्र नहीं होने चाहिए और मैं समझता हूं कि जो कोई भी प्रधानमंत्री हो उसे काम करने का अधिकार होना चाहिए। हालांकि सोनिया गांधी ने सरकार के कामकाज में कभी हस्तक्षेप नहीं किया।

दिग्विजय से पूछा गया था कि क्या वे मानते हैं कि उपाध्यक्ष राहुल गांधी अपनी मां के मॉडल का अनुसरण करेंगे जैसे सोनिया ने 2004 और 2009 के चुनाव के बाद मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री के रूप में मनोनीत कर किया था।

यह पूछे जाने पर कि ऐसा लगता है कि मनमोहन सिंह के पास कोई अधिकार नहीं है, दिग्विजय ने कहा कि उनके पास अधिकार हैं। अगर आप परमाणु करार और अन्य बातों पर गौर करें तब आप ऐसा पाएंगे।

उन्होंने कहा कि मैं समझता हूं कि सोनिया गांधी हस्तक्षेप करने वाली अंतिम शख्स हैं। वास्तव में उन्होंने पार्टी को उस समय संभाला जब पार्टी असहाय थी। उस समय हमारे दो मुख्यमंत्री थे।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि इसलिए मैं समझता हूं कि जब समय आएगा और कांग्रेस को बहुमत मिलेगा या वह सरकार बनाने की स्थिति में होगी तब राहुल गांधी आगे आएंगे। (एजेंसी)