गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
Written By भाषा

मोदी के साथ मंच साझा नहीं करेंगे महाराष्ट्र के सीएम

मोदी के साथ मंच साझा नहीं करेंगे महाराष्ट्र के सीएम -
FILE
मुंबई। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मंच साझा नहीं करने की घोषणा के एक दिन बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि वह नागपुर मेट्रो के भूमि पूजन समारोह में श्री मोदी के साथ मंच साझा नहीं करेंगे।

चव्हाण ने आज होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेने का निर्णय लिया है। चव्हाण ने पिछले सप्ताह मोदी के साथ दो कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था, जहां उन्हें अच्छा अनुभव नहीं हुआ था। इसके बाद ही मुख्यमंत्री ने मोदी के साथ मंच साझा नहीं करने का निर्णय लिया है।

गौरतलब है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कैथल में जनसभा के दौरान लोगों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने के बाद नाराजगी जताते हुए मोदी के साथ भविष्य में कभी भी मंच साझा नहीं करने का फैसला किया था।

अगले पन्ने पर... मामले पर क्या बोली भाजपा...


महाराष्ट्र में भाजपा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के उस फैसले को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया है जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नागपुर में होने वाले कार्यक्रम का बहिष्कार करने की बात कही है।

इसके साथ ही भाजपा ने कहा कि कांग्रेस को इस बात का आत्ममंथन करना चाहिए कि लोग राज्य के नेतृत्व से ‘नाखुश’ क्यों हैं। मोदी को गुरुवार को नागपुर में एक मेट्रो परियोजना के लिए ‘भूमिपूजन’ करना है।

भाजपा नेता विनोद तावडे ने कहा क‍ि जब मुख्यमंत्री (चव्हाण) विदर्भ गए तो किसानों ने उनका विरोध किया। वे भाजपा कार्यकर्ता नहीं थे। कांग्रेस को यह आत्ममंथन करना चाहिए कि आम आदमी राज्य के नेतृत्व से इतना नाखुश क्यों है?

महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के इस नेता ने कहा क‍ि यह हैरान करने वाला और दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का बहिष्कार कर रहे हैं। मैंने उनसे बुधवार को भी बात की और उन्हें कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए कहा।

कांग्रेस शासित राज्यों में मोदी की उपस्थिति वाले समारोहों में सवालों की घटनाओं पर उग्र रुख अपनाते हुए चव्हाण ने बुधवार को कहा था कि वे नागपुर में गुरुवार को होने वाले समारोह में हिस्सा नहीं लेंगे।

भाजपा के राज्य प्रवक्ता माधव भंडारी ने भी मुख्यमंत्री के फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि यह विदर्भ क्षेत्र के लोगों का ‘अपमान’ है।

उन्होंने कहा कि आज के समारोह का बहिष्कार करना उनके (चव्हाण के) लिए अनुपयुक्त है। कांग्रेस ने हमेशा विदर्भ के लोगों के साथ अन्याय किया है। आज, क्षेत्र के लोगों के लिए शुरू किए गए विकास कार्य का बहिष्कार करके उन्होंने एक बार फिर लोगों का अपमान किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक समारोह के दौरान चव्हाण ने प्रधानमंत्री के समक्ष बोलते हुए एक राजनीतिक भाषण देने की कोशिश की। इसे लोगों ने पसंद नहीं किया और इस पर प्रतिक्रिया दी, लेकिन कांग्रेस आम आदमी की भावनाओं को समझने में विफल रही है।

भंडारी ने कहा कि वे नागपुर के समारोह का बहिष्कार सिर्फ इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि वे इस बात से नाराज हैं कि लोगों ने हाल के आम चुनावों में सभी 10 लोकसभा सीटें (विदर्भ क्षेत्र में) भाजपा-शिवसेना के गठबंधन को दे दी।