गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Updated :नई दिल्ली , रविवार, 27 जुलाई 2014 (00:31 IST)

भ्रष्ट जज मामला : भाजपा ने मांगा मनमोहन से जवाब

भ्रष्ट जज मामला : भाजपा ने मांगा मनमोहन से जवाब -
FILE
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संप्रग सरकार के दौरान देश के तीन पूर्व प्रधान न्यायधीशों द्वारा अनुचित समझौते किए जाने के आरोपों पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस पार्टी से जवाब मांगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में संसद के केंद्रीय कक्ष में हुई भाजपा संसदीय दल की बैठक के बाद पार्टी के उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस को इन आरोपों का जवाब देना चाहिए कि कैसे न्यायपालिका सहित विभिन्न संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक कारणों से दुरूपयोग किया गया। यह दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर चिंता का विषय है।

भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष और उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश मार्कन्डेय काट्जू ने ये आरोप लगाकर एक तूफान खड़ा कर दिया है कि भारत के तीन पूर्व प्रधान न्यायाधीशों ने संप्रग शासन के दौरान भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे एक जज को तमिलनाडु में पद पर बने रहने की अनुमति देने में अनुचित समझौते किए।

बैठक में हाल ही में ब्राजील में संपन्न ब्रिक्स शिखर बैठक में भारत की चिंताओं को प्रभावी तरीके से उठाने के लिए मोदी की प्रशंसा की गई। ब्रिक्स बैंक की कमान भारत को मिलने के लिए भी पार्टी नेताओं ने मोदी को बधाई दी।

वित्त मंत्री अरूण जेटली ने कल राज्यसभा में गाजा स्थिति पर दिए गए बयान के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की भी सराहना की।

पार्टी ने अपने सांसदों के निजी सहायकों के प्रशिक्षण के लिए मुंबई में रामभाउ प्रबोधिनी में एक सप्ताह का शिविर लगाने का भी फैसला किया।

नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विपक्ष की विध्वंसक भूमिका और कांग्रेस की नकारात्मक दृष्टि के बावजूद संसद के दोनों सदनों में प्रभावी तरीके से मुद्दे उठाने के लिए भाजपा सांसदों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने सभी सांसदों से यह भी कहा कि वे संसद के चालू सत्र में लोकसभा और राज्यसभा में विधेयकों पर होने वाली चर्चाओं में भाग लें।

प्रधानमंत्री ने संसद के भीतर और बाहर महंगाई के मुद्दे को संभालने के लिए पार्टी सांसदों की प्रभावी भूमिका के बारे में भी चर्चा की। (भाषा)