शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
Written By भाषा

कालेधन पर संसद में क्या बोले जेटली...

कालेधन पर संसद में क्या बोले जेटली... -
FILE
नई दिल्ली। नरेन्द्र मोदी सरकार आने के बावजूद विदेशों में जमा भारतीयों का कालाधन की वापसी अपनी जिंदगी तक नहीं हो सकने की भाजपा के एक सांसद की आशंका पर वित्तमंत्री अरुण जेटली ने शुक्रवार को चुटकी लेते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की और साथ ही भरोसा दिलाया कि उनके जीवन में ही लौट आएगा कालाधन।

लोकसभा में वित्त विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए जेटली ने अपनी पार्टी के सांसद की गुरुवार को की गई टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरुवार को निशिकांत दुबे बोले, अच्छा बोले, पर कह गए कि मेरे जीवन में कालाधन वापस नहीं आने वाला है।

उन्होंने कहा कि मैं उनकी दीर्घायु की कामना करता हूं लेकिन साथ ही उन्हें भरोसा दिलाता हूं कि उन्हें बहुत लंबे समय तक प्रतीक्षा (विदेशों से कालाधन लाने की) नहीं करनी पड़ेगी।

जेटली ने कहा कि कालाधन के पनाहगाहों पर विश्व के कई देशों की ओर से जबर्दस्त दबाव बन रहा है और उन्होंने अब जानकारी उपलब्ध कराना आरंभ कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को सदन में वित्त विधेयक पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता निशिकांत दुबे ने कहा था कि सरकार ने जो नीति अपनाई है, उसमें जिंदगी में स्विट्जरलैंड से कालाधन वापस नहीं ला सकते।

दुबे ने कहा था कि स्विट्जरलैंड में किसी भी कारोबारी से आप पूछ लें, क्योंकि आप बड़े वकील हैं और सभी लोगों से आपके संबंध भी हैं। हम जिंदगी में स्विट्जरलैंड से कालाधन वापस नहीं ला सकते, क्योंकि सभी लोगों ने ट्रस्ट बना रखा है। जो स्विट्जरलैंड के स्थानीय नागरिक हैं, वे उनकी कर्मचारी के तौर पर देखरेख करते हैं।

भाजपा सांसद ने कहा था कि आप वहां से जो पैसा और नाम मांगेगे, वह भारतीयों के मांगेंगे। ट्रस्ट या ट्रस्टी का मांगने का सवाल ही नहीं है। जब यह नहीं मागेंगे तो स्विट्जरलैंड से कालाधन वापस कैसे आएगा? (भाषा)