शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Updated :नई दिल्ली , शनिवार, 26 जुलाई 2014 (23:50 IST)

उत्तर भारत में बारिश का दौर जारी

उत्तर भारत में बारिश का दौर जारी -
FILE
नई दिल्ली। उत्तर भारत के कई हिस्सों में मंगलवार को हल्की से मध्यम मानसूनी बारिश का दौर जारी रहा। हालांकि कई जगहों पर सामान्य से अधिक तापमान और उच्च आर्दता भी दर्ज की गई। दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के बावजूद शहर का मौसम गर्म और शुष्क बना रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक दिल्ली में 3.4 मिमी बारिश हुई और आर्दता स्तर 62 से 83 फीसदी के बीच रही जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहा और कुछ जगहों पर बारिश की फुहारें पड़ने के कारण क्षेत्र आर्दता का स्तर बढ़ गया। मौसम विभाग ने कहा कि कुछ जगहों पर थम-थमकर बारिश हुई और क्षेत्र के कई हिस्सों में आर्दता स्तर 60 से 84 फीसदी दर्ज किया गया।

हिसार 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ क्षेत्र का सबसे गर्म स्थान रहा जबकि भिवानी में 37 और पंजाब के अमृतसर में 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश में लगातार चौथे दिन मानसून मध्यम स्तर का रहा। मध्यम एवं निचले पहाड़ी इलाकों में कई जगह मध्यम से भारी बारिश हुई। राजधानी शिमला में 32 मिमी जबकि बालद्वारा और कांगड़ा में क्रमश: 31 मिमी और 22 मिमी बारिश दर्ज की गई।

राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश जारी रही। कल से लेकर अब तक कई इलाकों में 8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक, नादोटी में कल से लेकर अब तक 8 सेमी जबकि सिकराई में 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। कुछ अन्य स्थानों में इसी अवधि में 4 सेमी से कम बारिश दर्ज की गई। कोटा संभाग और राजधानी जयपुर में भी आज मध्यम स्तर की बारिश हुई। बीकानेर, जोधपुर और उदयपुर संभागों में मौसम शुष्क बना रहा। (भाषा)