शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
Written By वार्ता

अगले साल आ जाएंगे प्लास्टिक के नोट

अगले साल आ जाएंगे प्लास्टिक के नोट -
FILE
मुंबई। रिर्जव बैंक (आरबीआई) ने कहा है कि अगले साल से प्लास्टिक के नोटों का प्रचलन शुरू कर दिया जाएगा।

बैंक ने अपनी सालाना रिपोर्ट में उम्मीद जताई है कि अगले साल प्लास्टिक के नोटों का (फील्ड ट्रायल) शुरू कर दिया जाएगा। फील्ड ट्रायल के लिए कोच्चि, मैसूर, जयपुर, भुवनेश्वर और शिमला में इन्हें जारी किया जाएगा। ट्रायल के दौरान कम मूल्य के नोट जारी किए जाएंगे। धीरे-धीरे इनका प्रचलन क्षेत्र और मूल्य बढ़ाया जाएगा।


कागज के नोटों के जल्दी खराब होने की समस्या से निपटने के लिए बैंक ने यह फैसला किया है। कई देशों में पहले से ही प्लास्टिक के नोट प्रचलन में हैं। इनकी खासियत यह होती है कि इन पर जल्दी दाग नहीं पड़ते और ये कटते-फटते भी नहीं हैं। साथ ही इन नोटों में ऐसे विशेष फीचर होंगे जिनकी नकल तैयार कर फर्जी नोट बनाना संभव नहीं होगा।


केंद्रीय बैंक ने जनवरी में प्लास्टिक के नोट छापने के लिए एक टेंडर जारी किया था। आरबीआई के गवर्नर रघुराम राजन ने मई में कहा था कि 2015 में ये नोट जारी कर दिए जाएंगे। सालाना रिपोर्ट में बैंक ने यह बात दोहराई है। आरबीआई ने कहा है कि इसके अलावा बैंक नोटों की उम्र लंबी करने के लिए वह अन्य उपायों पर भी विचार कर रहा है। बाजार में प्रचलन में मौजूद नोटों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बैंक उनके भंडारन, परिवहन और वितरण में नई तकनीकें अपनाएगा।

केंद्रीय बैंक का कहना है कि जाली नोटों का प्रचलन रोकने के लिए वह नोटों की छपाई की अद्यतन तकनीकों को अपनाते हुए नई श्रंखला के नोट जारी करेगा। इसके अलावा नोटों की पैकिंग भी बेहतर की जाएगी ताकि उनका हैंडलिंग ज्यादा आसान हो सके। आरबीआई के गवर्नर रघुराम राजन ने गत मई में बताया था कि एक अरब प्लास्टिक के नोटों के लिए टेंडरों की बोलियां आ चुकी थीं। केंद्रीय बैंक ने सिक्कों को भी और बेहतर बनाने की बात कही है ताकि उनकी उम्र बढ़ सके तथा उनका इस्तेमाल करना आसान हो सके। (वार्ता)