बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
Written By WD

18 साल बाद मिला भारतीय सैनिक का शव

18 साल बाद मिला भारतीय सैनिक का शव -
FILE
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के सियाचिन ग्लेशियर से 18 साल बाद भारतीय थलसेना के एक जवान का शव बरामद किया गया है। थलसेना के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के रहने वाले हवलदार गया प्रसाद 1996 में सियाचिन ग्लैशियर पर ड्यूटी के दौरान लापता हो गए थे। अधिकारी ने कहा, 'सैनिक का शव पिछले हफ्ते बरामद किया गया। वह 18 साल पहले सियाचिन ग्लैशियर में लापता हो गए थे।'

करीब 5,700 मीटर की उंचाई पर स्थित सियाचिन ग्लैशियर दुनिया का सबसे उंचा युद्धक्षेत्र है। उन्होंने बताया कि सैनिक का शव वायु मार्ग से चंडीगढ़ ले जाया जाएगा और वहां से सड़क मार्ग के जरिए उत्तर प्रदेश स्थित उनके गांव ले जाया जाएगा।

अभी यह नहीं पता चल सका है कि गया प्रसाद की मौत कैसे हुई पर यह माना जा रहा है कि वह हिमस्खलन की चपेट में आ गए होंगे। जब गया प्रसाद लापता हुए थे उस वक्त वह थलसेना की 15 राजपूत यूनिट में तैनात थे। साल 1984 में भारत और पाकिस्तान द्वारा सियाचिन ग्लैशियर पर अपने सैनिक तैनात किए जाने के बाद से अब तक हजारों मौतें हो चुकी हैं। (एजेंसियां)