बहुत भोलेपन से संभावित राष्ट्रपति की पत्नी सुवरा मुखर्जी ने प्रणब मुखर्जी के उम्मीदवार बनने को बिना कुछ बोले तर्जनी को अपने माथे पर तकदीर की रेखा खींचकर सारी बात कह दी।
अपने पति के देश के सर्वोच्च पद की ओर बढ़ने से भावविह्वल नजर आ रहीं श्रीमती मुखर्जी से जब दादा के उम्मीदवार बनने पर उनकी प्रतिक्रिया पूछी गई तो उन्होंने अपनी अंगुली से माथे के एक सिरे से लेकर दूसरे सिरे तक रेखा खींच दी। उन्होंने कहा- यहां लिखा होगा तो हो जाएगा।
यह पूछने पर कि क्या वह तृणमूल नेता ममता बनर्जी से समर्थन की अपील करेंगी। श्रीमती मुखर्जी ने कहा कि उनकी इच्छा होगी तो समर्थन देंगी। मैं कोई अपील नहीं कर रही हूं। क्या यह खुशखबरी मिलने के बाद उनकी दादा से बात हुई? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि सुबह गए थे, रात को बारह बजे घर आएंगे। उनकी प्रतिक्रिया जानने को आतुर सवालों पर मौन साधते हुए उन्होंने कहा कि वे राजनीतिक मामलों पर दादा से बात नहीं करतीं।
कैमरों के सामने उनसे यह रटारटाया सवाल भी किया गया कि उन्हें दादा के राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने से कैसा लग रहा है तो श्रीमती मुखर्जी ने भी स्वाभाविक रूप से यही कहा कि उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। मुखर्जी कैसा खाना पसंद करते हैं, उन्होंने कहा कि कुछ भी खाना, जिसमें ज्यादा मसाले या तेल न हों।
...और क्या कहती है बेटी : प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि उन्हें अपने पिता की उम्मीदवारी की खबर सुनकर काफी खुशी हुई। उन्होंने कहा कि हमारे घर में राजनीति पर कोई चर्चा नहीं होती। मैं अपने पिता पर गर्व करती हूं।
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा प्रणब दा का विरोध किए जाने पर शर्मिष्ठा ने कहा कि एक बेटी होने के नाते मैं इस विरोध का कोई जवाब नहीं देती, लेकिन एक बंगाली होने के नाते मुझे उनके विरोध से दुख पहुंचा है। (एजेंसियां/वेबदुनिया)