गणतंत्र दिवस | राष्ट्रीय | अंतरराष्ट्रीय | यूथ मीटर | नक्सलवाद | जनगणना 2011 | प्रादेशिक | युवा
मुख पृष्ठ » खबर-संसार » समाचार » राष्ट्रीय » यूपी चुनाव : पांचवें चरण का मतदान जारी
FILE
उत्तर प्रदेश की 16वीं विधानसभा के सात चरणों में होने वाले चुनाव के पांचवें दौर में आज 13 जिलों की 49 सीटों पर दोपहर तीन बजे तक औसतन 50.16 प्रतिशत मतदान हुआ।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने यहां बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और दोपहर तीन तक औसतन 50.16 प्रतिशत वोट पड़ चुके हैं।

उन्होंने बताया कि इसके साथ ही इस बार तीन बजे तक का ही मतदान प्रतिशत राज्य में वर्ष 2007 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के अंतिम आंकड़े को पार कर गया है। पिछले चुनाव में इस चरण में कुल 47.57 प्रतिशत मतदान हुआ था।

सिन्हा ने बताया कि तीन बजे तक फिरोजाबाद में सबसे ज्यादा 55 प्रतिशत वोट पड़ चुके हैं। इसके अलावा इटावा तथा जालौन में 52-52 फीसद, औरैया में 50 तथा हमीरपुर और महोबा में 49-49 प्रतिशत तथा मैनपुरी में 46 फीसद मतदान हो चुका है।

सिन्हा ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और कहीं से किसी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं है।

सिन्हा ने बताया कि इस चरण में कुल 87 महिलाओं तथा एक किन्नर समेत 829 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। इस चरण के मतदान के लिए 11745 मतदान केन्द्र तथा 17267 मतदान स्थल बनाए गए हैं जिन पर 18459 से ज्यादा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें इस्तेमाल की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि इस चरण के चुनाव में एक करोड़ 56 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान पर नजर रखने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक पर्यवेक्षक को तैनात किया गया है।

सिन्हा ने बताया कि इसके अलावा 14 निर्वाचन व्यय पर्यवेक्षक, सात पुलिस पर्यवेक्षक, 54 सहायक निर्वाचन व्यय पर्यवेक्षक तथा 2653 माइक्रो आब्जर्वर भी इस वक्त मुस्तैद हैं।

मतदान केन्द्रों पर किसी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए 981 वीडियो कैमरे तथा 2100 डिजिटल कैमरे इस्तेमाल किए जा रहे हैं। इसके अलावा 225 चयनित मतदान केन्द्रों को वेबकास्टिंग से जोड़ा गया है।

पांचवें दौर के चुनाव में प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शिवपाल सिंह यादव, भाजपा की तेजतर्रार नेता उमा भारती तथा राज्य के पूर्व मंत्री बादशाह सिंह समेत कई सियासी हस्तियों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा।

इस चरण के चुनाव में अर्से से उपेक्षा की त्रासदी झेल रहे बुंदेलखण्ड के जिलों जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर तथा महोबा में मतदान हो रहा है। इसके अलावा सपा के गढ़ मैनपुरी, इटावा, और फिरोजाबाद में भी आज ही वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में राज्य विधानसभा में सपा और विपक्ष के नेता शिवपाल सिंह यादव के चुनावी भाग्य का फैसला होगा जो इटावा की जसवंतनगर सीट से मैदान में हैं।

इसके अलावा प्रदेश में भाजपा को सत्ता में लाने की उम्मीदों का भार लिए पार्टी की तेजतर्रार नेता उमा भारती की लोकप्रियता की परीक्षा भी आज ही हो जाएगी। पूर्व में मध्यप्रदेश की मुख्यमंत्री रहीं उमा की उत्तर प्रदेश के चुनाव मैदान में यह पहली पारी है।

भाजपा के पूर्व क्षत्रप और उसकी सरकार के मुख्यमंत्री रहे कल्याणसिंह की ताकत की परीक्षा भी आज के चुनाव में होगी। उनके संसदीय क्षेत्र और गढ़ कहे जाने वाले एटा में इस वक्त मतदान हो रहा है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष तथा पूर्व मंत्री प्रेमलता कटियार कानपुर की कल्याणपुर सीट से जबकि राज्य सरकार के मंत्री जयवीर सिंह मैनपुरी की करहल सीट से बसपा के प्रत्याशी हैं। उनके क्षेत्र में भी मतदान हो रहा है।

बसपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी संघमित्रा मौर्य एटा की अलीगंज सीट से पार्टी की प्रत्याशी हैं जहां इस वक्त मतदान हो रहा है।

इसके अलावा राज्य के स्वास्थ्य विभाग में हुए घोटाले के मामले में इस्तीफा देने वाले प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत मिश्र की पत्नी बसपा प्रत्याशी शिखा तिवारी की किस्मत भी आज इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन में बंद हो जाएगी।

मैनपुरी की करहल सीट से सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की समधन उर्मिला यादव कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। वह सपा से टिकट नहीं मिलने पर कांग्रेस में चली गईं। उनका सियासी भाग्य भी आज तय हो जाएगा। (भाषा)
संबंधित जानकारी
WebduniaWebdunia