भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की इस महीने मुंबई में होने वाली बैठक में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के हिस्सा लेने पर अभी ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। मोदी पिछले वर्ष सितंबर में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल नहीं हुए थे।
इस विषय में पूछे जाने पर भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारणी के जो भी सदस्य हैं, सभी इसमें शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि किसी भी बैठक में 100 प्रतिशत हाजिरी नहीं होती है, कई बार बीमार होने या अन्य बाध्यताओं के कारण सदस्य शामिल नहीं हो पाते। यह वक्त से पहले पूछा गया प्रश्न है।
गौरतलब है कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 24 और 25 मई को मुम्बई में हो रही है। इस बैठक में राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव के अलावा भाजपा अध्यक्ष के चयन का मुद्दा सामने आ सकता है। (भाषा)