नई दिल्ली/लखनऊ, शुक्रवार, 3 फरवरी 2012( 23:29 IST )
WD
शराब कारोबारी पोंटी चड्ढा के 11 बैंक लॉकरों को आयकर विभाग ने शुक्रवार को सील कर दिया। विभाग ने दावा किया कि उत्तरप्रदेश और दिल्ली में उनके परिसरों पर छापेमारी के दौरान 15 करोड़ रुपए मूल्य के नकद एवं गहने बरामद हुए।
चड्ढा और उसके सहयोगियों के परिसरों पर छापेमारी के बाद आयकर विभाग के सूत्रों ने कहा उत्तरप्रदेश और दिल्ली में विभिन्न जगहों पर छापेमारी में पांच करोड़ रुपए नकद और 10 करोड़ रुपए के आभूषण जब्त किए गए।
उन्होंने कहा कि 11 बैंक लॉकर सील कर दिए गए हैं। बहरहाल दिल्ली के नजदीक नोएडा में चड्ढा के एक मॉल को सील नहीं किया गया। आयकर अधिकारियों ने दो लैपटॉप भी जब्त किया है, जिसे राष्ट्रीय राजधानी स्थित विभाग के प्रयोगशाला में फोरेंसिक जांच के लिये भेजा गया है।
चड्ढा की कंपनी वेब इंफ्राटेक के एक प्रवक्ता ने जब्त की गई सामग्री के बारे में जानकारी देने से मना कर दिया और कहा कि चड्ढा समूह ने कोई गलत काम नहीं किया है।
प्रवक्ता ने कहा ऐसी कोई आय नहीं है जो सरकार से छिपी हुई है। सूत्रों ने कहा कि आयकर विभाग चड्ढा के आग्रह पर राजी हो गया है कि नौ फरवरी को परिवार में शादी समारोह तक छापे रोक दिए जाएं। वह हाल ही में दुबई दौरे से लौटे हैं। (भाषा)