तत्काल योजना के दुरुपयोग की बढ़ती शिकायतों से जूझ रही रेलवे तत्काल टिकटों की बिक्री के लिए अलग से काउंटर खोलने और पृथक समय की व्यवस्था करने की योजना बना रही है।
टिकट काउंटरों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी तैयारी की जा रही है। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक वीके गुप्ता ने कहा कि इसके अलावा बुकिंग क्लर्कों द्वारा आरक्षण काउंटरों पर मोबाइल फोन लेकर आने पर रोक लगाने का भी निर्णय किया गया है।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि तत्काल योजना के स्वरूप में बदलाव लाया जाएगा। गुप्ता ने बातचीत करते हुए कहा कि जल्द ही तत्काल आरक्षण के लिए अलग से काउंटर खोला जाएगा ताकि दलालों पर रोक लगाई जा सके।
अचानक यात्रा का कार्यक्रम बनाने या किसी प्रकार की आपात स्थिति में कहीं आने जाने वालों की सुविधा के लिए तत्काल योजना शुरू की गई थी, लेकिन यह शिकायत लगातार बढ़ती जा रही है कि लोगों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है और दलालों ने इस पर कब्जा कर दिया है।
गुप्ता ने बताया कि तत्काल योजना की खामियों को दूर करने और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए रेलवे की सूचना प्रौद्योगिकी इकाई क्रिश और आईआरसीटीसी पूरी योजना की पड़ताल में लगी हुई है। (भाषा)