राष्ट्रीय | अंतरराष्ट्रीय | प्रादेशिक | युवा
मुख पृष्ठ » खबर-संसार » समाचार » राष्ट्रीय » क्यों चुप हैं सोनिया गांधी?
FILE
देश के मध्यम वर्ग की जनता के संदर्भ में की गई विवादास्पद टिप्पणी के बारे में गृहमंत्री पी. चिदंबरम की सफाई को अस्वीकार करते हुए भाजपा ने बुधवार को संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी से सवाल किया कि आम आदमी के विरुद्ध संप्रग मंत्रियों की ओर की ओर से बार-बार की जाने वाली कथित अपमानजनक बातों पर वह खामोश क्यों हैं।

भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने यहां कहा कि आम आदमी के जख्मों पर नमक छिड़कने वाले चिदंबरम के बयान को सबने देखा सुना है और वे मीडिया पर यह आरोप लगा कर बरी नहीं हो सकते हैं कि उसने उनकी बात के संदर्भ को नहीं समझा।

उन्होंने सोनिया से कहा कि संप्रग सरकार के मंत्री जानबूझकर बार-बार आम आदमी और मध्यम वर्ग के जख्मों पर नमक छिड़कने वाले बयान दे रहे हैं, लेकिन आप यह सब देखकर भी खामोश क्यों हैं।

चिदंबरम के इस बयान को उन्होंने बहुत ही अपमानजनक बताया कि हम 20 रुपए की आइस्क्रीम खरीदने को तैयार हैं, लेकिन गेहूं या चावल पर एक रुपए की बढ़ोत्तरी हमें बर्दाश्त नहीं।

प्रसाद ने कहा कि कोई माता-पिता अगर इंडिया गेट पर अपने बच्चे को वात्सल्य स्वरूप 20 रुपए की आइस्क्रीम खिलाता है तो क्या यह अपराध है? भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि चिदंबरम की टिप्पणी कोई अलग घटना नहीं है। बरसों से संप्रग के मंत्री आम आदमी के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी करते आए हैं।

कभी कोई मंत्री ‘कैटल क्लास’ की बात करता है तो कभी कोई कहता है कि लोगों ने अधिक खाना शुरू कर दिया है इसलिए मंहगाई बढ़ी है। कोई कहता है कि लोगों के पास पैसा अधिक आने से दाम बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि संप्रग मंत्रियों की ओर से बार-बार की जा रही ऐसी आम आदमी विरोधी टिप्पणियों के बावजूद सोनिया का चुप्पी साधे रखना आश्चर्यजनक है। (भाषा)
Feedback Print