सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह के उम्र विवाद को लेकर उच्चतम न्यायालय में सरकार की किरकिरी के होने के बाद रक्षा मंत्री एके एंटनी ने प्रधानमंत्री से भेंट की। ऐसा समझा जाता है कि दोनों ने इस मुद्दे पर चर्चा की।
कांग्रेस कोर ग्रूप की बैठक के तुरंत बाद दोनों मंत्रियों के बीच करीब घंटे भर यह भेंट चली जिसके दौरान रक्षा सचिव शशिकांत शर्मा भी मौजूद थे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि इस बैठक में क्या बातचीत हुई लेकिन सूत्रों ने संकेत दिया कि उन्होंने सरकार के समक्ष मौजूद विकल्पों पर चर्चा की।
सरकार में इस बात का दृढ़ मत है कि उसे अपने 30 दिसंबर के अपने रूख पर अडिग रहना चाहिए। उस दिन सरकार ने जनरल सिंह की इस वैधानिक शिकायत को खारिज कर दी थी कि उनकी जन्मतिथि 10 मई, 1951 समझी जाए न कि 10 मई, 1950।
उच्चतम न्यायालय ने जनरल सिंह की वैधानिक शिकायत को सरकार की ओर से खारिज किए जाने को गंभीरता से लिया है और उसे इस आदेश को वापस लेने का विकल्प दिया हैं। शीर्ष अदालत ने कहा कि सरकार का आदेश दोषपूर्ण और नैसर्गिक न्याय के सिद्धांत के खिलाफ लगता है।
शीर्ष अदालत ने सरकार को एक हफ्ते का वक्त देते हुए और मामले की अगली सुनवाई की तारीख 10 फरवरी को निर्धारित कर दी। शीर्ष अदालत ने कहा कि अगर सरकार 30 दिसंबर के अपने आदेश को वापस ले लेती है तो जनरल सिंह के लिए अन्य विकल्प उपलब्ध हैं। (भाषा)