राष्ट्रीय | अंतरराष्ट्रीय | प्रादेशिक | युवा
मुख पृष्ठ » खबर-संसार » समाचार » राष्ट्रीय » कांडा की तलाश में पुलिस के छापे
FILE
अपनी पूर्व कर्मचारी गीतिका शर्मा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी हरियाणा का पूर्व मंत्री गोपाल कांडा शनिवार को चौथे दिन कई स्थानों पर छापेमारी के बावजूद भी पुलिस के हाथ नहीं आया। पुलिस ने कांडा के ठिकाने का पता लगाने के लिए उसके एक रिश्तेदार से पूछताछ भी की।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कांडा का पता लगाने के लिए दिल्ली, हरियाणा और सिलीगुड़ी के कई हिस्सों में छापेमारी की गई, लेकिन प्रयास नाकाम साबित हुए।

कांडा की बंद हो चुकी एमडीएलआर एयरलाइन कंपनी की पूर्व एयरहोस्टेस 23 वर्षीय गीतिका शर्मा गत रविवार को पश्चिमोत्तर दिल्ली स्थित अपने फ्लैट में पंखे से लटकते पाई गई थी।

उसके आवास पर मिले सुसाइड नोट में गीतिका ने आरोप लगाया है कि वह कांडा और एमडीएलआर की अधिकारी अरुणा चड्ढा की प्रताड़ना के चलते अपना जीवन समाप्त कर रही है। कांडा और अरुणा दोनों ने आरोपों से इनकार किया है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने कांडा के एक रिश्तेदार से पूर्व मंत्री के ठिकानों के बारे में पूछताछ की है। इस बीच दिल्ली की एक अदालत ने अरुणा चड्ढा की पुलिस हिरासत आज एक दिन बढ़ा दी ताकि पुलिस गीतिका से संबंधित कुछ महत्पूर्ण दस्तावेज बरामद कर सके।

अदालत ने अरुणा की पुलिस हिरासत बढ़ाने का आदेश उस समय दिया, जब जांच एजेंसी ने कहा कि उसे मृतक गीतिका से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज अभी बरामद करने हैं।

मेट्रोपालिटन मजिस्ट्रेट मनीष खुराना ने पुलिस की ओर से यह कहे जाने के बाद अरुणा को कल तक हिरासत में रखकर पूछताछ करने की इजाजत प्रदान की कि एमडीएलआर समूह की ओर से गठित एक शिक्षण सोसायटी के दस्तावेज अभी बरामद किए जाने हैं तथा यह कि गीतिका उस सोसायटी की अध्यक्ष थी।

अदालत ने कहा कि मामले के तथ्यों, परिस्थितियों और अपराध की प्रकृति तथा इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए कि (जन्माष्टमी) छुट्टी के चलते पुलिस की जांच पूरी नहीं हो पाई, मेरा विचार है कि जांच के उद्देश्य के लिए आरोपी की एक दिन पुलिस रिमांड जरूरी है। पुलिस ने साथ ही कहा कि अरुणा के बताने के आधार पर एक कैमरा, लैपटॉप और एक फोन बरामद किया गया है।

अरुणा के लिए पेश होने वाले वकील बीएस राणा ने पुलिस हिरासत के लिए याचिका का यह कहते हुए विरोध किया कि वह गत तीन दिन से पुलिस की हिरासत में है तथा एक नोटिस मिलने के बाद वह जांच में शामिल हुई थी। पुलिस ने अदालत को बताया कि वह सहयोग नहीं कर रही है। (भाषा)
संबंधित जानकारी
Feedback Print