राष्ट्रीय | अंतरराष्ट्रीय | प्रादेशिक | युवा
मुख पृष्ठ » खबर-संसार » समाचार » राष्ट्रीय » कश्मीर पर आडवाणी की चेतावनी
FILE
भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने जम्मू-कश्मीर के वार्ताकारों की कटु आलोचना करते हुए सोमवार को चेतावनी दी कि अगर भारत में कश्मीर के एकीकरण की प्रक्रिया को पलटने की कोशिश की गई तो देश में नया आंदोलन शुरू होगा। साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को भी याद दिलाया कि यह राज्य भारत का अभिन्न अंग है।

आडवाणी ने यहां कहा कि आज हमें भारत के साथ कश्मीर के एकीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है। हम अनुच्छेद 370 को समाप्त करना चाहते हैं, लेकिन आज की सरकार, सत्ता में बैठे लोग इस एकीकरण प्रक्रिया को पीछे ले जाना चाहते हैं तो संभवत: देश की जनता को दूसरा आंदोलन शुरू करना होगा, जैसा पूर्व में हुआ था।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी फाउंडेशन की ओर से ‘कश्मीर बचाओ की राष्ट्रीय पुकार’ विषय पर आयोजित सम्मेलन में भाजपा नेता ने वार्ताकारों द्वारा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के क्षेत्रों को ‘पाक प्रशासन वाला कश्मीर’ बताए जाने पर सख्त आपत्ति जताई।

उन्होंने कहा कि आज, हम अचानक वार्ताकारों की रिपोर्ट देखते हैं, जिसमें ‘पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर’ की जगह ‘पाकिस्तान के प्रशासन वाला कश्मीर’ लिखा जाता है।

आडवाणी ने हैरानी जताते हुए सवाल किया, यह सब क्या हो रहा है? संसद के दोनों सदनों की ओर से सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव की अवमानना करके भारत के संविधान की अवमानना की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि संसद के इस प्रस्ताव की अवमानना करके हमारे वार्ताकार हमसे कह रहे हैं कि यह पाकिस्तान के कब्जे वाला नहीं बल्कि पाकिस्तान के प्रशासन वाला कश्मीर है।

उमर अब्दुल्ला के बयान के जवाब में आडवाणी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है, यह ऐसी सच्चाई है जिसे न सिर्फ भारतीय संसद ने सर्वसम्मत प्रस्ताव के जरिए मजबूती से स्वीकारा है बल्कि हम तो यहां तक कहते हैं कि यदि किसी इलाके पर हमारे पड़ोसी द्वारा आक्रमण हुआ है या धावा बोला गया है और आज वे इलाके उसके नियंत्रण में है तो संसद का मजबूती से कहना है कि वह भी भारत का हिस्सा है।

आडवाणी ने अब्दुल्ला के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने भाजपा से कहा है कि उन्हें (भाजपा को) समझना चाहिए कि जम्मू-कश्मीर भारत में सम्मिलित हुआ है न कि उसका विलय हुआ है।

उन्होंने यह शपथ लेने की अपील की कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान से जो कुछ भी हासिल हुआ है, उसे पलटने नहीं दिया जाएगा। (भाषा)
Feedback Print