उत्तर प्रदेश विधानसभा के पहले चरण के तहत 55 सीटों के लिए बुधवार को हुए चुनाव में 62 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव शांतिपूर्ण रहा और कहीं से किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
राज्य में 16वीं विधानसभा के गठन के लिए सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ। इन इलाकों में बीती रात से हो रही बारिश सुबह तक जारी रही, जिससे प्रारंभ में मतदान धीमा रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ इसमें तेजी आई और शाम पांच बजे तक 55 प्रतिशत से अधिक मतदान होने की सूचना है। इन चुनावों में सत्तारूढ़ बसपा को समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और भाजपा से कडी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
आज जिन 55 सीटों पर मतदान हो हुआ, वे सीतापुर, बाराबंकी, फैजाबाद, अम्बेडकरनगर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर तथा बस्ती जिलों में हैं। इन चुनावों में 796 पुरुष, 65 महिलाएं तथा एक किन्नर सहित 862 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें मुख्यमंत्री मायावती के करीबी सहयोगी एवं राज्य के संसदीय कार्य एवं वित्तमंत्री लालजी वर्मा और वस्त्रोद्योग एवं रेशम उद्योग राज्यमंत्री संग्रामसिंह वर्मा, 31 मौजूदा विधायकों तथा 15 पूर्व मंत्रियों के साथ-साथ केन्द्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा समेत कई सांसदों के रिश्तेदार और कुछ बाहुबली शामिल हैं।
राज्य में इसके बाद के मतदान के छह चरण 11 फरवरी, 15 फरवरी, 19 फरवरी, 23 फरवरी, 28 फरवरी और तीन मार्च को होंगे। मतगणना छह मार्च को होगी। (भाषा)