शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. लोकसभा चुनाव 2014
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , शनिवार, 22 मार्च 2014 (22:39 IST)

जसवंत को टिकट नहीं, सुषमा नाराज

जसवंत को टिकट नहीं, सुषमा नाराज -
FILE
नई दिल्ली। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का मतभेद उस वक्त सामने आ गया जब पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह को राजस्थान के बाड़मेर से टिकट नहीं दिए जाने का विरोध किया।

सुषमा ने स्पष्ट किया कि बाड़मेर से टिकट का फैसला पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की ओर से नहीं किया गया और वह इस कदम से दुखी हैं।

उन्होंने कहा कि जहां तक जसवंत सिंह के मुद्दे का प्रश्न है तो यह पार्टी का फैसला था। यह सामान्य फैसला नहीं था। इस तरह के आसाधरण निर्णय बिना किसी वजह के नहीं किए जाते हैं। इसकी कुछ वजह होनी चाहिए क्योंकि यह एक ऐसा टिकट था जिस पर चुनाव समिति ने फैसला नहीं किया।

उधर, राजस्थान के बाड़मेर लोकसभा चुनाव क्षेत्र से टिकट नहीं दिए जाने से नाराज जसवंत सिंह को शांत करने के प्रयास में भाजपा के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि वह वरिष्ठ नेता हैं और उनकी सेवाओं का पार्टी उचित उपयोग करेगी।

जसवंत सिंह के पार्टी छोड़ने संबंधी खबरों पर राजनाथ सिंह ने कहा कि उनकी ‘‘प्रतिष्ठा’’ को टिकट के आधार पर नहीं आंका जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जसवंत सिंह पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और हम उनका सम्मान करते हैं। उनकी प्रतिष्ठा को टिकट के संदर्भ में नहीं आंका जा सकता है। हम उनकी सेवाओं और अनुभव का सदुपयोग करेंगे।

यह पूछे जाने पर कि अगर वह निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ते हैं तो क्या पार्टी उनके विरूद्ध कार्रवाई करेगी, भाजपा प्रमुख ने इसे एक काल्पनिक प्रश्न बता कर टाल दिया। (भाषा)