सरकार ने सस्ते टेबलेट आकाश की कीमत में किसी तरह की वृद्धि करने से साफ तौर पर इंकार करते हुए कहा कि इसकी खूबियों और विशिष्टताओं को बेहतर बनाया जाएगा और यह दुनिया का सबसे सस्ता टेबलेट बना रहेगा।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एन के सिन्हा ने कहा कि आकाश की कीमत 2,276 रूपए रहेगी और भविष्य में इसे और कम करने का प्रयास किया जाएगा। इस टेबलेट की विशिष्टताओं और खूबियों को उन्नत किया जाएगा ताकि यह अपने स्तर की दुनिया में उपलब्ध टेबलेट से बेहतर बन सके।
अधिकारी से उन मीडिया खबरों के बारे में पूछा गया था कि आकाश की खूबियों को बेहतर बनाने पर इसकी कीमत बढ़ कर 100 डालर (करीब पांच हजार रूपये) हो सकती है।
इन खबरों से इंकार करते हुए उन्होंने कहा कि अगर ऐसा हुआ तब आकाश का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। आकाश के स्तर के आई पैड, सैमसंग, रिलायंस 3जी, बीटल इमैंजिंग कुछ ही चुनिंदा टेबलेट प्रचलित हैं लेकिन इनकी कीमत आकाश से कही अधिक है।
आकाश में 366 मेगाहर्ट्ज प्रोसेसर है जबकि सैमसंग का 1 गिगा हट्र्ज, आईपैड का 1 गिगा हट्र्ज, रिलायंस का 800 मेगा हट्र्ज और बीटल इमैजिंग का 1 गिगा हट्र्ज है। आकाश की मेमोरी 2 जीबी है, वहीं सैमसंग की 16 जीबी, आईपैड की 16 जीबी, रिलायंस की 4 जीबी और बीटल इमैजिंग की 8 जीबी है। आकश का रैम 256 एमबी का है जबकि सैमसंग का 512 एमबी, आईपैड का 256 एमबी, रिलायंस का 512 एमबी और बीटज इमैजिंग का 256 एमबी है।
इन टेबलेट्स में आकाश का काफी सस्ता होना उसे शिक्षा के प्रचार के लिए अहम बनाता है। आकाश की कीमत 2,276 रूपए है जबकि आई पैड की करीब 30 हजार रूपए, सैमसंग टैबलेट की 23 हजार रूपए, रिलायंस टैबलेट की करीब 13 हजार रूपए और बीटल इमैजिंग की करीब 10 हजार रूपए।
आकाश की गुणवत्ता के बारे में कई शिकायतें प्राप्त हुई थी जिसमें कहा गया था कि इस सस्ते टेबलेट की बैटरी, प्रोसेसर के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। अधिकारी ने कहा कि इसमें सुधार किया गया है। बैटरी की क्षमता में जहां डेढ़ गुना वृद्धि की गई है, वहीं प्रोसेसर को 366 मेगा हट्र्ज से बढ़ाकर 700 मेगा हट्र्ज कर दिया गया है जबकि कीमत 2,276 रूपए ही रखी गई है। उन्नत आकाश अप्रैल तक उपलब्ध होगा।
उन्नत आकाश की क्षमता में पहले की तुलना में तीन गुनी वृद्धि की गई है, साथ ही इस पर यू ट्यूब से भी डाउनलोड किया जा सकता है। इसकी मेमोरी क्षमता में भी वृद्धि की गई है।
आकाश के बारे में आ रही शिकायतों के बारे में हालांकि एक वर्ग का मानना है कि यह कुछ बड़ी कंपनियों की साजिश का परिणाम हो सकता है।
सात इंच के इस टच स्क्रीन टेबलेट में हार्ड डिस्क तो नहीं है लेकिन लिनक्स आधारित इस उपकरण को 32 जीबी के बाहरी हार्ड ड्राइव से जोड़ा जा सकता है जिसकी कीमत 2,276 रूपए रखी गई है। (भाषा)